चिरमिरी के 10वीं–12वीं मेधावियों का होगा सम्मान, एक मंच पर जुटेंगे हिंदी–इंग्लिश स्कूल

आर स्टीफ़न (स्टेट हेड)

चिरमिरी (एमसीबी जिला, छत्तीसगढ़)। एमसीबी जिले के चिरमिरी क्षेत्र में कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में प्रदेश, संभाग, जिला और स्थानीय स्तर की मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान समारोह भारतीय मानवाधिकार महासंघ (छत्तीसगढ़) एवं निष्पक्ष भारतीय पत्रकार संगठन (छत्तीसगढ़) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जाएगा।

आयोजकों के अनुसार यह पहला अवसर होगा जब हिंदी माध्यम और अंग्रेजी माध्यम के अलग-अलग विद्यालयों के मेधावी छात्र-छात्राओं को एक ही मंच पर सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं और जल्द ही आयोजन की तिथि व स्थान की औपचारिक घोषणा की जाएगी।

इस संबंध में रिचर्ड स्टीफन प्रदेश अध्यक्ष निष्पक्ष भारतीय पत्रकार संगठन छत्तीसगढ़ ने कहा कि यह आयोजन विद्यार्थियों के परिश्रम और उपलब्धियों को सार्वजनिक रूप से सम्मान देने के उद्देश्य से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम न केवल सफल विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ी के छात्रों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनते हैं।

आयोजकों ने स्पष्ट किया कि सम्मान के लिए पात्रता मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करने के आधार पर तय की जाएगी। सम्मान समारोह में चयनित विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र/स्मृति-चिह्न प्रदान किए जाने की योजना है। कार्यक्रम के माध्यम से शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सामाजिक स्तर पर पहचान दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

संस्थाओं का कहना है कि चिरमिरी क्षेत्र के विद्यालयों के छात्र हर वर्ष बोर्ड परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। ऐसे में यह आयोजन विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षण संस्थानों के लिए उत्साहवर्धक सिद्ध होगा। आयोजकों ने सभी विद्यार्थियों को आगामी परीक्षाओं के लिए शुभकामनाएं देते हुए अपेक्षा जताई कि वे अपने विद्यालय, क्षेत्र और जिले का नाम रोशन करेंगे।

कार्यक्रम से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश और पंजीकरण प्रक्रिया की जानकारी शीघ्र साझा की जाएगी।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts