लालगंज सम्पूर्ण समाधान दिवस में आईं 148 शिकायतें, डीएम-एसपी ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं

कुल 148 शिकायतें आईं, 20 का मौके पर निस्तारण, डीएम ने एक सप्ताह में शिकायतों के समाधान के दिए निर्देश

रायबरेली। जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में तहसील लालगंज में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनसामान्य की शिकायतों का स्थानीय स्तर पर समाधान किया जाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी क्रम में तहसीलों और थानों में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया जाता है, जहां स्थानीय नागरिक उपस्थित होकर अपनी समस्याओं के समाधान के लिए शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता की शिकायतों का निस्तारण त्वरित और समयबद्ध तरीके से एक सप्ताह के भीतर कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि यदि किसी शिकायत के निस्तारण में कोई समस्या आ रही है तो उसका कारण स्पष्ट करते हुए अवगत कराया जाए।

जिलाधिकारी ने बताया कि तहसील लालगंज में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में राजस्व विभाग से संबंधित 57, पुलिस विभाग की 41, विकास विभाग की 9, समाज कल्याण विभाग की 3 तथा अन्य विभागों से संबंधित 38 शिकायतों सहित कुल 148 प्रकरण प्राप्त हुए।

इनमें से 20 प्रकरणों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। शेष प्रकरणों को संबंधित विभागों को इस निर्देश के साथ उपलब्ध कराया गया कि उनका निस्तारण एक सप्ताह के भीतर सुनिश्चित किया जाए।

पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने भी पुलिस से संबंधित मामलों को सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. नवीन चन्द्रा, उप जिलाधिकारी लालगंज राजेश श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी लालगंज सुजीत कुमार राय सहित संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *