पीएम किसान की 22वीं किस्त जारी, रायबरेली के 3.92 लाख किसानों को मिले 78.46 करोड़ रुपये

रायबरेली। प्रधानमंत्री द्वारा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त किसानों के खातों में जारी की गई। इस योजना के अंतर्गत जनपद रायबरेली के 3,92,330 किसानों को कुल 78.46 करोड़ रुपये की धनराशि सीधे उनके बैंक खातों में भेजी गई।

प्रधानमंत्री ने असम राज्य से आयोजित मुख्य समारोह के माध्यम से देशभर के किसानों को यह राशि हस्तांतरित की। इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण रायबरेली जनपद के सभी विकास खंड मुख्यालयों पर किसानों की मौजूदगी में किया गया।

जनपद का मुख्य कार्यक्रम कृषि विज्ञान केंद्र दरियापुर में किसान दिवस के अवसर पर आयोजित हुआ। कार्यक्रम में किसानों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने किसानों से अपील की कि वे कृषि में रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम करें और प्राकृतिक तथा टिकाऊ खेती की दिशा में आगे बढ़ें। साथ ही किसानों को सरकार की विभिन्न योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए भी प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर उप कृषि निदेशक रायबरेली विनोद कुमार ने किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, सोलर फोटोवोल्टिक इरिगेशन पंप, कृषि यंत्रीकरण और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना सहित विभाग की अन्य योजनाओं की जानकारी दी।

कार्यक्रम से पहले जनपद के बीज विक्रेताओं को “साथी ऐप” और पोर्टल के उपयोग के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया। इसके माध्यम से बीजों का पूरा विवरण ऑनलाइन दर्ज किया जाएगा और क्रय-विक्रय की प्रक्रिया भी इसी पोर्टल के माध्यम से संचालित की जाएगी।

कृषि विज्ञान केंद्र दरियापुर के अध्यक्ष डॉ. के.के. सिंह ने किसानों को जायद फसलों जैसे मक्का, उड़द और मूंग की उन्नत खेती के बारे में तकनीकी जानकारी दी। वहीं जिला कृषि अधिकारी अखिलेश पाण्डेय ने किसानों को फार्मर आईडी के महत्व के बारे में बताते हुए सभी किसानों से इसे बनवाने की अपील की।

कार्यक्रम में भूमि संरक्षण अधिकारी जगदीश प्रसाद यादव सहित अन्य विभागीय अधिकारी भी मौजूद रहे। इसके अलावा कार्यक्रम का लाइव प्रसारण मंडी समितियों, ग्राम सचिवालयों, साधन सहकारी समितियों और कृषि समृद्धि केंद्रों पर भी कराया गया, जहां बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *