- साइबर युग में अपराध के तरीके बदल रहे हैं, रहना होगा सावधान: डॉ. जी.के. गोस्वामी
शकील अहमद
सरोजनीनगर (लखनऊ)। उत्तर प्रदेश स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेंसिक साइंस, लखनऊ में रक्षा लेखा विभाग के क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र (आरटीसी कैंट, लखनऊ) में प्रशिक्षणरत 40 अधिकारियों ने भ्रमण किया। इस दौरान संस्थान के विषय विशेषज्ञों द्वारा अधिकारियों को साइबर एवं फॉरेंसिक विषयों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
इस अवसर पर संस्थान के संस्थापक निदेशक डॉ. जी.के. गोस्वामी ने सभागार में उपस्थित सभी अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि साइबर युग में अपराध के तरीके बदल रहे हैं, इसलिए हमें सावधान रहना होगा। पहले फिजिकल दुनिया में अपराध होते थे, लेकिन अब डिजिटल दुनिया में अपराध हो रहे हैं। ऐसे में तकनीक के बारे में हम सभी को अधिक से अधिक जानकारी रखनी होगी और उसी के अनुसार कार्य करना होगा, अन्यथा साइबर ठगी का शिकार हो सकते हैं।
उन्होंने डेटा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जिसके पास जितना डेटा होगा, वह उतना ही मजबूत होगा। कुछ देश इसलिए शक्तिशाली हैं, क्योंकि वे अपनी तकनीक और डेटा अन्य देशों के साथ साझा नहीं करते।
डॉ. गोस्वामी ने प्रशिक्षु अधिकारियों से कहा कि अभी उनका प्रशिक्षण काल है और वे जितना अधिक जिज्ञासु होंगे, उतना ही नई-नई चीजों को सीख पाएंगे। उन्होंने कहा कि यह संस्थान वर्तमान में साइबर सुरक्षा तथा फॉरेंसिक विषयों में विभिन्न संस्थानों को तकनीकी रूप से दक्ष और निपुण कर रहा है।
इस अवसर पर पुलिस उप महानिरीक्षक हेमराज मीना ने प्रशिक्षु अधिकारियों को संस्थान के बारे में विस्तार से जानकारी दी तथा वर्तमान युग में साइबर फॉरेंसिक क्यों महत्वपूर्ण है, इस विषय पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के अंत में उप निदेशक जितेंद्र श्रीवास्तव ने सभागार में उपस्थित सभी अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन जनसंपर्क अधिकारी संतोष तिवारी ने किया, जबकि डॉ. इंद्रजीत ने साइबर विषय पर व्याख्यान दिया।
भ्रमण के दौरान प्रशिक्षु अधिकारियों ने डीएनए तथा एआई लैब का भी दौरा किया और वहां उपयोग की जा रही आधुनिक तकनीकों एवं कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर उप निदेशक चिरंजीब मुखर्जी, अतुल यादव, डॉ. आनंद प्रकाश, अमित मिश्र, राहुल द्विवेदी, डॉ. पलक, आरआई शैलेंद्र सिंह एवं कार्तिकेय सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।













