बृजमनगंज में भ्रष्टाचार के खिलाफ सभासद प्रतिनिधि सनी यादव ने उठाए सवाल, जांच की मांग तेज

सौरभ जायसवाल

महराजगंज। नगर पंचायत बृजमनगंज में विकास कार्यों में कथित भ्रष्टाचार को लेकर अब जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की आवाज तेज होती जा रही है। सभासद प्रतिनिधि सनी यादव ने ग्रामीणों के साथ मिलकर इन अनियमितताओं पर गंभीर सवाल उठाए हैं और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि वार्ड नंबर 4 स्वामी विवेकानंद नगर और वार्ड नंबर 12 में स्थापित पानी की टंकियां सिर्फ शोपीस बनकर रह गई हैं और आम जनता को उनका कोई लाभ नहीं मिल रहा है। इसके साथ ही नगर पंचायत क्षेत्र में कराए गए कई निर्माण कार्यों को मानकों के विपरीत और गुणवत्ता विहीन बताया गया है।

सभासद प्रतिनिधि सनी यादव और ग्रामीणों ने वार्ड नंबर 14 महात्मा गांधी नगर कलवारगढ़ तथा वार्ड नंबर 9 पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर स्थित पोखरों के सुंदरीकरण कार्य में भी बड़े पैमाने पर कथित भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है।

मुख्यमंत्री नागरोदय योजना के तहत कराए गए कार्यों में खर्च और जमीनी हकीकत के बीच अंतर होने की बात सामने आई है। साथ ही सिंचाई विभाग की नहर (कुलावा) में जल निकासी के लिए बनाए गए ढांचे पर नगर पंचायत द्वारा कराए गए सीसी नाली निर्माण को भी मानकों के विपरीत बताते हुए सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप लगाया गया है।

टेंडर प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा गया कि अधिकांश कार्य एक ही फर्म “एमबी कंस्ट्रक्शन” को दिए गए, जिससे पारदर्शिता पर संदेह गहरा गया है।
इसके अलावा नगर पंचायत अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी (ईओ) पर पद के दुरुपयोग के भी आरोप लगाए गए हैं।

आरोप है कि कई सभासदों के परिजनों को आउटसोर्सिंग के माध्यम से विभिन्न पदों पर नियुक्त किया गया है, जो नियमों के खिलाफ है। साथ ही एक ही व्यक्ति से जुड़े फर्म के नाम पर विभिन्न आयोजनों का भुगतान किए जाने का भी मामला सामने आया है।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि नगर पंचायत में मात्र एक सामुदायिक शौचालय होने के बावजूद कई शौचालयों के रखरखाव के नाम पर हर माह धन निकासी दर्शाई जा रही है, जिससे वित्तीय अनियमितता की आशंका है।

सभासद प्रतिनिधि सनी यादव ने जिलाधिकारी से पूरे मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

इस दौरान सनी यादव के साथ मनजीत गौड़, संदीप गौड़, कुलदीप, पिंटू, रामविलास सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।

स्थानीय स्तर पर जनप्रतिनिधि और ग्रामीणों द्वारा उठाए गए इन गंभीर आरोपों के बाद अब प्रशासन की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts