शकील अहमद
सरोजनीनगर, लखनऊ। थाना सरोजनीनगर पुलिस ने महिला के साथ दुष्कर्म एवं लूट की घटना का 24 घंटे के भीतर सफल अनावरण करते हुए एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लगभग 1 लाख 15 हजार रुपये मूल्य के जेवरात भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार 16 अप्रैल 2026 को वादी द्वारा थाना सरोजनीनगर में तहरीर दी गई थी कि उसकी पत्नी के साथ 15 अप्रैल को दरोगाखेड़ा स्थित शराब ठेके के पास एक व्यक्ति ने कथित रूप से दुष्कर्म किया। प्रारंभिक सूचना के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। बाद में पीड़िता के बयान के आधार पर मामले में लूट की धाराएं भी बढ़ाई गईं।
विवेचना के दौरान साक्ष्यों के आधार पर अभियुक्त अभिमन्यु राजपूत उर्फ मन्ना (उम्र लगभग 27 वर्ष), निवासी दरोगाखेड़ा थाना सरोजनीनगर का नाम सामने आया। पुलिस टीम ने 17 अप्रैल को रानीपुर कट के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से लूटे गए जेवरात भी बरामद किए गए, जिसके बाद मुकदमे में अतिरिक्त धाराएं जोड़ी गईं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त शातिर प्रवृत्ति का अपराधी है और पूर्व में भी विभिन्न आपराधिक मामलों में संलिप्त रहा है। उसे न्यायालय द्वारा 7 सितंबर 2025 से छह माह के लिए जिला बदर भी किया जा चुका है।
अवधि पूरी होने के बाद उसने पुनः इस तरह की गंभीर वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।


















