लखनऊ: शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार, धमकी और ब्लैकमेलिंग का भी आरोप

शकील अहमद

सरोजनीनगर, लखनऊ। थाना सरोजनीनगर पुलिस टीम ने शादी का झांसा देकर महिला के साथ दुष्कर्म करने और वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने के आरोप में एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 15 नवंबर 2025 को वादिनी ने थाना सरोजनीनगर में तहरीर देकर बताया था कि उसकी दोस्ती आजादनगर निवासी उवैश अली से हुई थी। आरोप है कि उवैश अली ने उसे कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर शारीरिक संबंध बनाए और उसका वीडियो भी बना लिया।

पीड़िता का आरोप है कि अभियुक्त ने शादी का वादा कर लगातार शारीरिक संबंध बनाए, लेकिन बाद में शादी से इनकार कर दिया। विरोध करने पर उसने वीडियो वायरल करने और जान से मारने की धमकी दी।

तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान साक्ष्यों के आधार पर संबंधित धाराओं में संशोधन भी किया गया। पुलिस टीम द्वारा लगातार की जा रही तलाश के दौरान मुखबिर की सूचना पर 21 अप्रैल 2026 को आरोपी उवैश अली (उम्र करीब 24 वर्ष) को कामर्शियल तिराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *