बाजपुर ब्लॉक प्रमुख कार्यालय में ओबीसी आयोग सदस्य की बैठक, योजनाओं की समीक्षा

सलमान खान

बाजपुर, ऊधम सिंह नगर। विकास खण्ड के ब्लॉक प्रमुख कार्यालय में उत्तराखण्ड अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) आयोग के सदस्य डॉ. जैनुल आबिदिन अंसारी (वार्सी) ने अपने भ्रमण कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की।

बैठक की शुरुआत में खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) शेखर जोशी ने सदस्य का स्वागत करते हुए उपस्थित अधिकारियों से उनका परिचय कराया। इसके पश्चात बीडीओ ने विकास खण्ड स्तर पर संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।

डॉ. अंसारी ने विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं के तहत अन्य पिछड़ा वर्ग के पात्र लाभार्थियों को अब तक प्रदान किए गए लाभों की जानकारी ली। साथ ही उन्होंने भविष्य में इस वर्ग के लाभार्थियों को किस प्रकार योजनाओं से जोड़ा जाएगा, इस पर भी विस्तार से चर्चा की।

बैठक में सहायक समाज कल्याण अधिकारी नगमा परवीन ने समाज कल्याण विभाग की योजनाओं के तहत अन्य पिछड़ा वर्ग की महिलाओं, छात्र-छात्राओं एवं दिव्यांगजनों को मिल रहे लाभों की जानकारी दी। वहीं सहायक अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी चन्द्र प्रकाश रावत ने बताया कि संबंधित वर्ग को दिए गए ऋण और अनुदान की सूची आयोग सदस्य को उपलब्ध कराई जाएगी।

सहायक विकास अधिकारी पंचायत ने पंचायत प्रतिनिधित्व में अन्य पिछड़ा वर्ग की भागीदारी की जानकारी दी, जबकि मनरेगा के कनिष्ठ अभियंता मौ० शाकिर ने योजनाओं में इस वर्ग के लाभार्थियों को शामिल किए जाने की बात रखी।

बाल विकास परियोजना अधिकारी रेनू यादव ने सुझाव दिया कि ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया में अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए पृथक वर्गीकरण का विकल्प जोड़ा जाना चाहिए, जिससे योजनाओं का लाभ और प्रभावी ढंग से पहुंच सके।

राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत गगनदीप कौर ने बताया कि अन्य पिछड़ा वर्ग की महिलाएं मत्स्य पालन और मिट्टी के बर्तन बनाने जैसे आर्थिक कार्यों से जुड़कर आत्मनिर्भर बन रही हैं। वहीं ग्रामोत्थान परियोजना के अनुश्रवण अधिकारी उमेश छिम्वाल ने इस वर्ग से जुड़े लाभार्थियों के आंकड़ों को व्यवस्थित रूप से तैयार कर उपलब्ध कराने पर सहमति जताई।

बैठक के अंत में डॉ. जैनुल आबिदिन अंसारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की मंशा के अनुरूप योजनाओं को धरातल पर उतारते समय अन्य पिछड़ा वर्ग के हितों का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने आगामी बैठकों में ठोस आंकड़ों के साथ जानकारी प्रस्तुत करने पर भी जोर दिया।

इस अवसर पर फारूख खान (सदस्य, जिला अल्पसंख्यक स्वरोजगार योजना), इंतजार हुसैन, यशपाल सिंह सहित सहायक खंड विकास अधिकारी सुरेश चन्द्र पन्त, उद्यान अधिकारी कमलजीत कौर, कृषि अधिकारी नरेन्द्र मेहता, ग्राम विकास अधिकारी हरिकेश, लोचन सिंह, मोहन सिंह, विनय चौहान, लेखराज सिंह, मौ० इदरीश, मौ० रफी, गणेश रावल, जितेन्द्र, कुणाल समेत कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts