महराजगंज: वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस टीम पर हमला, 5 नामजद समेत कई पर केस दर्ज

सौरभ जायसवाल

बृजमनगंज, महाराजगंज। थाना क्षेत्र के लेहड़ा स्टेशन के पास वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस टीम पर हमला करने और कार्रवाई में बाधा डालने का मामला सामने आया है। उपनिरीक्षक दीपक यादव की तहरीर पर पुलिस ने पांच नामजद आरोपितों सहित कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

जानकारी के अनुसार 17 अप्रैल को उपनिरीक्षक दीपक यादव अपनी टीम के साथ लेहड़ा स्टेशन के पास सड़क पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान कुछ युवक मौके पर पहुंचे और चेकिंग का विरोध करने लगे। देखते ही देखते उन्होंने पुलिस टीम को चारों ओर से घेर लिया।

पुलिस द्वारा समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन आरोपित और अधिक आक्रोशित हो गए। आरोप है कि युवकों ने पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और उन पर हमला कर दिया। साथ ही उन्होंने पुलिस की कार्रवाई को जबरन रोकते हुए चालान प्रक्रिया में बाधा उत्पन्न की।

थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि इस मामले में बरगाहपुर निवासी राहुल यादव, गुलराजपुर निवासी इंद्रजीत कुमार, आकाश, मनीष और शिवनाथ के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। इसके अलावा कुछ अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts