पीड़ित को न्याय दिलाने बाजपुर तहसील पहुंचे विधायक अरविंद पांडेय, खतौनी में दर्ज हुआ नाम

सलमान खान

बाजपुर, ऊधम सिंह नगर। बुक्सा समाज की जमीन से जुड़े मामले में पीड़ित को न्याय दिलाने के लिए गदरपुर विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री अरविंद पांडेय स्वयं बाजपुर तहसील पहुंचे। इस दौरान उन्होंने वर्ष 2023 में कमिश्नर द्वारा पारित आदेशों के अनुपालन को लेकर प्रशासन से कार्रवाई सुनिश्चित कराई।

बताया जा रहा है कि संबंधित प्रकरण में आदेश के बावजूद तहसील प्रशासन द्वारा अनुपालन नहीं किया जा रहा था। वहीं, इस मामले में विधायक पांडेय और उनके परिवार पर भी आरोप लगाए जा रहे थे।

मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे विधायक अरविंद पांडेय तहसीलदार प्रताप सिंह चौहान के कार्यालय पहुंचे और बुक्सा समाज के पीड़ित का नाम खतौनी में दर्ज कर उसे अधिकार दिलाने की मांग की।

तहसीलदार के निर्देश पर राजस्व कर्मियों द्वारा पीड़ित का नाम खतौनी में दर्ज कर खतौनी की प्रति विधायक को सौंप दी गई।

करीब डेढ़ घंटे तक विधायक तहसील कार्यालय में मौजूद रहे और पूरी प्रक्रिया की निगरानी करते रहे। इसके बाद वे खतौनी की प्रति लेकर वापस लौटे।

इस मौके पर विधायक अरविंद पांडेय ने कहा कि चुनाव नजदीक होने के कारण उनकी छवि धूमिल करने के लिए राजनीतिक विरोधियों द्वारा साजिश रची जा रही है। उन्होंने कहा कि उन्होंने हमेशा पीड़ितों की आवाज उठाई है और किसी के साथ अन्याय नहीं किया।

वहीं उन्होंने पीड़ित का नाम खतौनी में दर्ज किए जाने पर तहसीलदार प्रताप सिंह चौहान का आभार भी व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *