महराजगंज में विवाहिता की संदिग्ध मौत, देवर की बारात के बीच कमरे में फंदे से लटका मिला शव

सौरभ जायसवाल

बृजमनगंज (महराजगंज)। थाना क्षेत्र के बचगंगपुर के टोला थापापुर में शनिवार सुबह करीब 11 बजे एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना उस समय सामने आई जब मृतका का देवर अपनी बारात लेकर घर पहुंचा, लेकिन उसकी भाभी कहीं नजर नहीं आई।

परिजनों ने काफी देर तक खोजबीन की, लेकिन जब कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला और कोई जवाब नहीं मिला, तो दरवाजा तोड़ दिया गया। दरवाजा खुलते ही विवाहिता का शव कमरे के अंदर पंखे से लटका मिला। यह दृश्य देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते मौके पर सैकड़ों ग्रामीण जुट गए।

घटना की जानकारी मिलते ही पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। इस बीच मृतका के भाई ने ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का गंभीर आरोप लगाया है।

बताया जा रहा है कि मृतका अंशु की शादी करीब चार वर्ष पूर्व 9 मई 2022 को थापापुर निवासी कृष्ण गोपाल के साथ हुई थी। शुक्रवार को उसके देवर कृष्ण मोहन की बारात गई थी और शनिवार को बारात वापस घर लौटी थी। इसी दौरान यह घटना सामने आई, जिससे मांगलिक कार्यक्रम में अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतरवाकर कब्जे में लिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मामला आत्महत्या का है या हत्या का।

इधर मृतका के भाई कृष्ण चंद्र दुबे ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही अंशु को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पति ने उससे बातचीत बंद कर दी थी और घटना के दिन देवर की बारात आने के बाद ससुराल पक्ष ने अंशु के साथ मारपीट की, उसके जेवर छीन लिए और फिर उसकी हत्या कर दी। उन्होंने पति, देवर और सास के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

प्रभारी थानाध्यक्ष तारकेश्वर वर्मा ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *