रायबरेली। महाराजगंज क्षेत्र में एक अधूरी पुलिया राहगीरों के लिए मुसीबत और खतरे का कारण बन गई है। कुसुढ़ी सागरपुर से हसनपुर को जोड़ने वाली सड़क पर जमुरवां गांव के पास पुलिया निर्माण कार्य पिछले करीब दो महीने से चल रहा है, लेकिन अब तक काम पूरा नहीं हो सका है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य बेहद धीमी गति से हो रहा है। दो महीने बीतने के बाद भी पुलिया की केवल छत ही डाली जा सकी है। मौजूदा रफ्तार को देखते हुए ग्रामीणों का अंदेशा है कि पुलिया के पूरी तरह चालू होने में अभी कई महीने और लग सकते हैं।
इस बीच सबसे बड़ी समस्या यह है कि निर्माण के दौरान कोई वैकल्पिक रास्ता नहीं बनाया गया है। ऐसे में लोग जान जोखिम में डालकर इसी अधूरी पुलिया से गुजरने को मजबूर हैं। सड़क पर अस्थायी और असुरक्षित स्थिति के चलते आए दिन छोटे-बड़े हादसे हो रहे हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि इस मार्ग से करीब दो दर्जन गांवों के सैकड़ों लोग रोजाना आवागमन करते हैं। बीते दिनों गांव के ही आकाश श्रीवास्तव मोटरसाइकिल से गुजरते समय इसी निर्माणाधीन पुलिया पर गिरकर घायल हो गए थे।
पूर्व प्रधान अशोक कुमार श्रीवास्तव समेत कई ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ठेकेदार द्वारा काम में लापरवाही बरती जा रही है और विभागीय अधिकारी भी इस ओर गंभीर नहीं दिख रहे हैं।
लोगों ने मांग की है कि जल्द से जल्द पुलिया निर्माण कार्य पूरा कराया जाए, ताकि राहगीरों और वाहन चालकों को राहत मिल सके।
इस मामले में पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता महिपाल सिंह का कहना है कि समस्या संज्ञान में है और राहगीरों की परेशानी को देखते हुए जल्द समाधान किया जाएगा।


















