लखनऊ: किन्नर गिरोह का पर्दाफाश, 24 घंटे में 3 गिरफ्तार-लूटी ज्वैलरी बरामद

शकील अहमद

लखनऊ। थाना बिजनौर पुलिस ने महिलाओं से लूट की घटना का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से लूटी गई ज्वैलरी एक मंगलसूत्र और दो जोड़ी कान की बालियां बरामद की हैं, साथ ही घटना में प्रयुक्त कार भी जब्त की गई है।

पुलिस के अनुसार 4 मई 2026 को वादिनी की तहरीर पर अज्ञात किन्नरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। शिकायत में बताया गया कि सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकली दो महिलाओं से आरोपियों ने झपट्टा मारकर मंगलसूत्र और बालियां छीन ली थीं।

घटना के अनावरण के लिए पुलिस उपायुक्त दक्षिणी के निर्देशन में टीमें गठित की गईं। जांच के दौरान करीब 100 से 150 सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसके आधार पर आरोपियों की पहचान की गई।

इसके बाद 5 मई 2026 को अलीनगर खुर्द अंडरपास के पास से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराएं बढ़ाते हुए आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी महिलाओं को निशाना बनाते थे। वे पहले घर में शादी होने का बहाना बनाकर पैसे मांगते थे और विरोध करने पर दबाव बनाते हुए गहने छीन लेते थे। कई मामलों में मारपीट की भी जानकारी सामने आई है।

गिरफ्तार आरोपियों में अजय रावत उर्फ रानी किन्नर (निवासी कृष्णानगर, लखनऊ), आकाश गुप्ता उर्फ कमौलिका उर्फ कम्मो (निवासी चकेरी, कानपुर नगर) और रफीक अहमद (निवासी सहादतगंज, लखनऊ) शामिल हैं।

पुलिस के मुताबिक, गिरोह शहर के अलग-अलग इलाकों में सक्रिय था और महिलाओं को निशाना बनाकर वारदात को अंजाम देता था। मामले में आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *