सौरभ जायसवाल
महराजगंज। जनपद के नवागत जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने बुधवार को कार्यभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर शासन की प्राथमिकताओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया और विभिन्न विभागों की योजनाओं की समीक्षा करते हुए उनके बेहतर क्रियान्वयन पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जनोन्मुखी योजनाओं को धरातल तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के अंतर्गत संचालित ‘लखपति दीदी योजना’ को महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण बताते हुए इसे प्रभावी तरीके से लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक महिलाओं को इस योजना से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाया जाए।
नगर विकास के क्षेत्र में महराजगंज के बेहतर प्रदर्शन पर बल देते हुए उन्होंने स्वच्छ सर्वेक्षण अभियान को गंभीरता के साथ संचालित करने को कहा। साथ ही जल संचय और संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ते हुए इसे जन अभियान का रूप देने की आवश्यकता बताई।

उन्होंने राजस्व वादों के निस्तारण को शीर्ष प्राथमिकता बताते हुए लंबित मामलों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा जनसुनवाई को गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारित करने और आम जनता की शिकायतों का त्वरित समाधान करने पर भी जोर दिया।
बैठक में जिलाधिकारी ने स्मार्ट मीटर को लेकर लोगों को जागरूक करने तथा उनकी आपत्तियों का समाधान करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। साथ ही स्वगणना अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित कराने के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


















