बृजमनगंज में अपहरण की झूठी सूचना देकर पैसे मांगने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

सौरभ जायसवाल

बृजमनगंज, महराजगंज। थाना बृजमनगंज पुलिस ने गुमशुदगी के एक मामले में अपहरण की झूठी सूचना देकर पैसे मांगने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की सक्रियता से मामले का खुलासा हुआ है।

पुलिस के अनुसार मु.अ.सं. 72/2026 में अशोक कुमार शर्मा निवासी कानापार (धानी बाजार) ने अपने पुत्र संजय शर्मा के गुम होने की सूचना दर्ज कराई थी। जांच के दौरान मामले को गंभीरता से लेते हुए गुमशुदगी को अपहरण में तरमीम कर धारा 140(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

गुमशुदा की तलाश के लिए क्षेत्र में जगह-जगह पोस्टर लगाए गए थे। इसी दौरान पोस्टर पर दिए गए मोबाइल नंबर पर दो युवकों ने फोन कर वादी को डराते हुए पैसे की मांग की। आरोपियों ने दावा किया कि उसका पुत्र उनके कब्जे में है और उन्होंने उसका अपहरण कर लिया है।

पुलिस की जांच में सामने आया कि संजय शर्मा किसी व्यक्तिगत तनाव के कारण खुद ही मोबाइल बंद कर बाहर चला गया था और उसका अपहरण नहीं हुआ था। इसके बाद पुलिस ने मामले में अपहरण की धारा हटाकर पैसे मांगने से संबंधित धारा 308(4) बीएनएस जोड़ते हुए कार्रवाई आगे बढ़ाई।

थानाध्यक्ष बृजमनगंज के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सोमवार रात करीब 9:55 बजे विजय सलहिया के पास से आरोपी दुर्गेश (28) निवासी सिसवनिया खुर्द थाना पुरंदरपुर और रामदयाल गुप्ता (20) निवासी नरकटहा थाना पनियरा को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार आरोपी रामदयाल नरकटहा बाजार में मोबाइल की दुकान चलाता है और वहीं सिम कार्ड भी बेचता है। जांच में पता चला कि उसने दूसरे व्यक्ति के नाम पर सिम जारी कर उसी सिम का इस्तेमाल कर फोन किया और घटना को अंजाम दिया। इस मामले में भी अलग से कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि झूठी सूचना देकर किसी को भयभीत कर पैसे मांगना गंभीर अपराध है। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts