रायबरेली में घर का ताला तोड़कर लाखों की चोरी, सराय दामू गांव में दहशत का माहौल

रायबरेली। भदोखर थाना क्षेत्र के ग्राम सराय दामू गदियानी में देर रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के आभूषण और नगदी चोरी कर ली। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया है।

पीड़ित परिवार के अनुसार सुबह जब उनकी नींद खुली तो घर का मुख्य दरवाजा टूटा हुआ मिला। अंदर का नजारा देखकर सभी के होश उड़ गए। कमरे में सामान बिखरा पड़ा था, जबकि अलमारी और बक्सों के ताले तोड़कर उनमें रखे कीमती जेवरात और नगदी गायब थे।

बताया जा रहा है कि चोरों ने बड़ी ही सफाई से इस घटना को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार चोरी की यह घटना देर रात की है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके।

घटना के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाएं सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं।

फिलहाल पुलिस ने जल्द ही मामले के खुलासे का आश्वासन दिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts