बृजमनगंज: रेलवे ट्रैक किनारे मिला क्षत-विक्षत शव, ट्रेन से कटने की आशंका

सौरभ जायसवाल

बृजमनगंज, महराजगंज। बृजमनगंज-आनंदनगर रेल मार्ग पर स्थित लेहरा स्टेशन हाल्ट के पास मंगलवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का क्षत-विक्षत शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। प्रथम दृष्टया मामला ट्रेन से कटने का बताया जा रहा है।

थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह के अनुसार सुबह करीब आठ बजे सूचना मिली कि लेहरा हाल्ट स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक किनारे एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।

मौके पर पहुंचे लोगों से शव की पहचान कराने का प्रयास किया गया, लेकिन मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी। बताया जा रहा है कि शव बुरी तरह क्षत-विक्षत अवस्था में था और तीन टुकड़ों में कटा हुआ पाया गया। चेहरा भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण पहचान में कठिनाई हो रही है।

पुलिस को मृतक की जेब से एक टिकट मिला है, हालांकि उस पर छपा विवरण मिट चुका है। इसके अलावा घटनास्थल के पास से एक पासपोर्ट साइज फोटो भी बरामद हुआ है, जिसे मृतक का ही होने की आशंका जताई जा रही है।

मृतक की उम्र लगभग 45 वर्ष बताई जा रही है। उसके पहनावे में हल्का गुलाबी शर्ट, नीली जींस, दाहिने हाथ में कलावा और बीच की अंगुली में अंगूठी पाई गई है। हुलिया दोहरे और मजबूत शरीर वाला तथा रंग गोरा बताया गया है।

फिलहाल पुलिस शव की शिनाख्त कराने के प्रयास में जुटी हुई है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। आसपास के थाना क्षेत्रों को भी सूचना दी गई है, ताकि मृतक की पहचान जल्द हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *