रायबरेली में राहुल गांधी की जनसभा में उमड़ा जनसैलाब, भीषण गर्मी में भी दिखा उत्साह

  • राहुल गांधी के लिए दिखी दीवानगी, जनसभा में उमड़ा जनसमूह
  • अपने भाषण में गांव-गली के अंतिम छोर पर खड़े गरीब- किसान की समस्याओं पर जमकर दहाड़े
  • राहुल के मुंह से दादी इंदिरा गांधी, पिता राजीव गांधी की चर्चा सुनकर कई महिलाओं की आंखों में आ गए आंसू

रायबरेली। खीरों कस्बा स्थित श्रीसरस्वती इंटर कॉलेज के विशाल मैदान में नेता प्रतिपक्ष व जिले के सांसद राहुल गांधी ने एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। चिलचिलाती धूप, भीषण गर्मी और तैतालिस डिग्री सेल्सियस के तापमान में बुजुर्ग, महिलाएं, नौजवान, बच्चे सभी अपने सांसद की एक झलक पाने को बेताब दिखे। भीड़ का आलम यह था कि पंडाल में बैठने के लिए कुर्सियां कम पड़ गईं।

हजारों की भीड़ सड़क पर खड़े होकर और इमारतों के ऊपर चढ़कर अपने चहेते नेता का दीदार कर रही थी। सभा में उमड़ा विशाल जनसमूह गांधी परिवार से रायबरेली के भावनात्मक और दिली रिश्तों की गवाही दे रहा था।

राहुल गांधी द्वारा देश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, गिरती जीडीपी, पेट्रोल-डीजल और गैस के बढ़ते दामों, युवाओं के लिए रोजगार, एपस्टीन फाइल्स, तेल व गैस के व्यापारिक मार्ग होर्मुज जलडमरूमध्य सहित दर्जनों ज्वलंत मुद्दों पर दिया गया व्याख्यान सभा में मौजूद भीड़ के दिलों को छू गया। विपक्ष को घेरते हुए सोना न खरीदने की अपील के मामले पर जब सांसद बोले तो वहां बैठी महिलाओं ने खूब ताड़ियां बजाईं।

जब सांसद विपक्ष द्वारा उठाए गए विदेशी यात्राओं से परहेज करने के मुद्दे को लेकर बोले तो युवा कार्यकर्ताओं ने मंच के नीचे से विपक्ष की खूब चुटकी ली। ताड़ियों की गड़गड़ाहट और राहुल गांधी जिंदाबाद के नारों से पंडाल गूंज उठा।

इस मौके पर अमेठी सांसद किशोरी लाल शर्मा, पूर्व राज्य मंत्री व कांग्रेस कार्यकर्ता सुरेंद्र विक्रम सिंह (पंजाबी सिंह), कांग्रेस जिला अध्यक्ष पंकज तिवारी, सुशील पासी, हरचंदपुर विधानसभा कोऑर्डिनेटर राहुल वाजपेई, जिला कोऑर्डिनेटर सुजा खान, ब्लॉक अध्यक्ष सुरेंद्र लोधी, गिरीश सिंह चौहान, राघवेंद्र सिंह(पंकज), जिला महासचिव साधना लोधी, शईद बाबा, अजीत जायसवाल, नीरज मिश्रा, चंद्रिका प्रसाद पांडे समेत सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता व हजारों बुजुर्ग, महिलाएं, युवा और बच्चे मौजूद रहे।

जब तकनीकी खराबी से बंद हो गई माइक

मंच पर सभा को संबोधित करने के दौरान अचानक तकनीकी खराबी से लगभग एक मिनट के लिए माइक बंद हो गई। माइक दोबारा शुरू होने पर सांसद मुस्कुराते हुए बोले कि यहां तो माइक अपने आप बंद हुआ है लेकिन संसद में जब रायबरेली के सांसद के तीखे सवालों से विपक्ष घबरा जाता है तो माइक जानबूझकर ऑफ कर दिया जाता है।

शरारती तत्वों ने उखाड़े झंडे

राहुल गांधी का कार्यक्रम पहले से प्रस्तावित था। कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने इसकी तैयारी जोर-जोर से की थी। अपने नेता व सांसद के स्वागत में काफी सजावट की गई। कार्यकर्ताओं द्वारा रास्ते में जगह-जगह बांधी गईं झंडिया और लगाए गए झंडों में से गुरुबक्शगंज चौराहे व इसके आस पास देर रात शरारती तत्वों द्वारा काफी झंडे उखाड़ दिए गए।

विरोधियों ने खींची खाली कुर्सियों की फोटो

सांसद अपने प्रस्तावित दौरे के निर्धारित समय पर दोपहर के लगभग डेढ़ बजे सभा स्थल पर पहुंच गए। कार्यक्रम को फ्लॉप दिखाने के उद्देश्य से कुछ विरोधियों ने सांसद के आने से और भीड़ जमा होने से पहले पंडाल के नीचे पड़ी खाली कुर्सियों की फोटो खींची।

Share this article

More News

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *