- चेयरमैन राकेश जायसवाल बोले… विकास और शांति व्यवस्था के लिए बेहतर तालमेल जरूरी
सौरभ जायसवाल
बृजमनगंज, महराजगंज। आदर्श नगर पंचायत बृजमनगंज सभागार में शुक्रवार को पुलिस, पत्रकारों, सभासदों और नगर पंचायत कर्मचारियों की एक महत्वपूर्ण संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगर पंचायत चेयरमैन राकेश जायसवाल ने की।
बैठक का मुख्य उद्देश्य आपसी समन्वय को मजबूत करना, नगर क्षेत्र में बेहतर व्यवस्था बनाए रखना तथा जनसमस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर साझा संवाद स्थापित करना रहा।
बैठक को संबोधित करते हुए राकेश जायसवाल ने कहा कि नगर के विकास और शांति व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पुलिस, पत्रकारों और नगर पंचायत कर्मचारियों के बीच बेहतर तालमेल बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी सहयोग और संवाद के माध्यम से जनता की समस्याओं का प्रभावी समाधान कर सकते हैं।
इस दौरान गजेंद्र सिंह ने यातायात सुरक्षा को लेकर लोगों को जागरूक किया। उन्होंने सड़क पर वाहन चलाते समय ट्रैफिक नियमों का पालन करने, हेलमेट पहनने और सावधानी बरतने की अपील की।
बैठक के दौरान चेयरमैन राकेश जायसवाल ने नगर पंचायत कर्मचारियों और पुलिस कर्मियों का आपस में परिचय भी कराया, ताकि भविष्य में बेहतर समन्वय स्थापित हो सके और किसी भी समस्या के समाधान में तेजी लाई जा सके।
कार्यक्रम में नगर पंचायत कर्मचारी, सभासद, पत्रकार एवं पुलिस विभाग के अधिकारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। बैठक के दौरान नगर क्षेत्र में साफ-सफाई, यातायात व्यवस्था और जनसुविधाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी चर्चा की गई।













