- टांडा पुलिस ने चेकिंग के दौरान दबोचे शातिर चोर, जसपुर समेत कई इलाकों से चोरी की थीं बाइकें
सलमान खान
रामपुर। टांडा पुलिस ने अन्तर्राज्यीय बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर चोरी की छह मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना द्वारा अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। अभियान का संचालन अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी टांडा के नेतृत्व में किया गया।
पुलिस के अनुसार 23 मई को टांडा कोतवाली प्रभारी अपनी टीम के साथ जटपुरा पुलिया पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान दढ़ियाल की ओर से बिना नंबर प्लेट की दो काली बाइक आती दिखाई दीं, जिन पर दो-दो युवक सवार थे।
पुलिस टीम द्वारा रुकने का इशारा करने पर बाइक सवार वापस मुड़कर भागने लगे। शक होने पर पुलिस ने घेराबंदी कर जटपुरा पुलिया से कुछ दूरी पर चारों युवकों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लक्की पुत्र हितेश निवासी सहसपुरी डिलारी मुरादाबाद, अभय कांत पुत्र संजय सिंह निवासी मकरपुरी स्योहरा बिजनौर, आकाश पुत्र मनोज कुमार निवासी आलमपुरी स्योहरा बिजनौर हाल निवासी काशीपुर ऊधम सिंह नगर तथा राजू सिंह पुत्र राम सिंह निवासी मकरपुरी स्योहरा बिजनौर के रूप में हुई।
पुलिस ने जब दोनों बाइकों के चेसिस नंबर ई-चालान एप पर चेक किए तो वाहन चोरी के निकले। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि दोनों बाइक जसपुर क्षेत्र से चोरी की गई थीं।
इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चार और चोरी की बाइक बरामद कीं। बरामद सभी बाइक उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के अलग-अलग क्षेत्रों से चोरी की गई बताई जा रही हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अलग-अलग जगहों से बाइक चोरी कर उन्हें अच्छे दामों में बेच देते थे। चोरी की रकम आपस में बांटकर अपने परिवार का खर्च चलाते थे। पुलिस के मुताबिक आरोपी चोरी की बाइक बेचने जा रहे थे, तभी उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
रामपुर पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 317(2), 317(4) समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में सत्यम कुमार, ऋषभ पुण्डीर सहित टांडा कोतवाली पुलिस टीम के कई पुलिसकर्मी शामिल रहे।













