- अजीमनगर पुलिस ने जवाबी फायरिंग में इनामी आरोपी को किया घायल, तमंचा, बाइक और पशु काटने के उपकरण बरामद
सलमान खान
रामपुर। अजीमनगर पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान 25 हजार रुपये के इनामी गौकश को उसके साथी सहित गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, बाइक, गोवंश काटने के उपकरण और नकदी बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक 11 मई 2026 को अजीमनगर थाना क्षेत्र में गोवंशीय पशु का वध कर अवशेष जंगल में फेंके जाने के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मामले में वांछित आरोपी शादाब पुत्र सद्दीक निवासी खंडिया थाना अजीमनगर पर सोमेंद्र मीना द्वारा 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
शुक्रवार 23 मई को पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी टांडा के नेतृत्व में अजीमनगर पुलिस टीम हरेटा चौराहे पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान नौरंगपुर की ओर जंगल के रास्ते से बाइक पर दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस को देखकर दोनों वापस मुड़कर भागने लगे। शक होने पर पुलिस ने पीछा किया तो जल्दबाजी में बाइक फिसलकर गिर गई।
पुलिस के अनुसार बाइक सवार एक युवक ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में फायर किया, जिसमें इनामी आरोपी शादाब के पैर में गोली लग गई।
पुलिस ने घायल आरोपी के कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया। वहीं उसके साथी तकदीर पुत्र अहमद हसन निवासी बगरव्वा थाना अजीमनगर को भी गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
पूछताछ में आरोपी शादाब ने पुलिस को बताया कि उसने अपने साथियों के साथ कुछ दिन पहले नगला गणेश के जंगल में गोवंशीय पशुओं का वध किया था। उसने बताया कि पकड़ा गया साथी तकदीर उसे गोवंशीय पशु उपलब्ध कराता था। घटना के बाद मांस बेच दिया गया था और अवशेष जंगल में फेंक दिए गए थे।
आरोपी ने पूछताछ में अपने अन्य साथियों अकील, मोबीन और नाजिम उर्फ भूरा के नाम भी बताए हैं, जिनकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
रामपुर पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक तमंचा .315 बोर, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, एक मोटरसाइकिल, गोवंश काटने के उपकरण और दो हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक आरोपी शादाब के खिलाफ पहले से गोवध अधिनियम, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।
इस कार्रवाई में कर्मसिंह पाल, चन्द्र विक्रम सिंह, संदीप कुमार और एसओजी टीम के प्रभारी दीपक मलिक सहित पुलिस टीम के कई सदस्य शामिल रहे।













