सरोजनीनगर को मिला नया स्थायी रजिस्ट्री कार्यालय, मंत्री रवीन्द्र जायसवाल और विधायक राजेश्वर सिंह ने किया भूमि पूजन

नटकुर में बनेगा आधुनिक रजिस्ट्री कार्यालय, जाम और पार्किंग समस्या से क्षेत्रवासियों को मिलेगी राहत

शकील अहमद

सरोजनीनगर, लखनऊ। सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र को लंबे समय से प्रतीक्षित स्थायी रजिस्ट्री कार्यालय की बड़ी सौगात मिल गई। नटकुर क्षेत्र में नए आधुनिक रजिस्ट्री कार्यालय के निर्माण के लिए सोमवार को वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के मंत्री रवीन्द्र जायसवाल और सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने विधिवत भूमि पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।

इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, भाजपा कार्यकर्ता, अधिवक्ता और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम स्थल पर क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

भूमि पूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को लगातार गति दी जा रही है और जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि स्थायी रजिस्ट्री कार्यालय का निर्माण क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगा।

उन्होंने बताया कि अब तक रजिस्ट्री कार्यालय किराये के भवन में संचालित हो रहा था, जहां सीमित स्थान और अव्यवस्थित पार्किंग के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। कार्यालय के बाहर अक्सर जाम की स्थिति बन जाती थी, जिससे आम लोगों और राहगीरों को दिक्कत होती थी। नए भवन के निर्माण के बाद इन समस्याओं से काफी राहत मिलने की उम्मीद है।

विधायक ने कहा कि नए कार्यालय में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे लोगों को रजिस्ट्री से जुड़े कार्यों के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा और कार्य प्रणाली अधिक व्यवस्थित होगी।

कार्यक्रम में मौजूद मंत्री रवीन्द्र जायसवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार लगातार बुनियादी सुविधाओं और प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य आम जनता को पारदर्शी, सरल और सुविधाजनक प्रशासनिक व्यवस्था उपलब्ध कराना है।

स्थानीय लोगों ने भी नए रजिस्ट्री कार्यालय निर्माण की पहल का स्वागत करते हुए खुशी जाहिर की। लोगों का कहना था कि क्षेत्र में लंबे समय से स्थायी रजिस्ट्री कार्यालय की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। नए भवन के बनने से न केवल सरकारी व्यवस्थाएं मजबूत होंगी बल्कि लोगों का समय भी बचेगा।

कार्यक्रम में शंकरी सिंह, राजेश सिंह, के.एन. सिंह, राजा बिजली पासी, लवकुश रावत, सरोजनीनगर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश सिंह, महामंत्री गोविंद प्रताप शुक्ला, पूर्व महामंत्री अविनाश कुमार ओझा, विधायक प्रतिनिधि प्रदीप मिश्रा तथा पुलिस प्रतिनिधि राजेश त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts