रायबरेली: खेत में जानवर जाने को लेकर दो पक्षों में विवाद, मारपीट के आरोप में दोनों ने दी तहरीर

  • सूरजपुर गुमानखेड़ा गांव में खेत को नुकसान पहुंचाने को लेकर बढ़ा विवाद, पुलिस ने मेडिकल कराकर शुरू की जांच

रायबरेली। थाना क्षेत्र के सूरजपुर गुमानखेड़ा गांव में खेत में जानवर जाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गाली-गलौज और मारपीट के आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने दोनों पक्षों के घायलों का चिकित्सीय परीक्षण कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव निवासी आदर्श सिंह पुत्र राजेश सिंह ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि बीते 27 मई की सुबह करीब 10 बजे गांव के ही बृजेश कुमार और दिनेश कुमार पुत्रगण रामनरेश यादव ने अपने जानवर उनके खेत में छोड़ दिए। इससे खेत में खड़ी फसल को नुकसान पहुंचा।

आदर्श सिंह का आरोप है कि उन्होंने इसका विरोध करते हुए दोबारा खेत में जानवर न छोड़ने की बात कही, जिस पर दोनों आरोपी नाराज होकर गाली-गलौज करते हुए वहां से चले गए।
पीड़ित के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे जब वह किसी कार्य से लालगंज जा रहे थे, तभी गांव के पास पहले से मौजूद कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया।

आरोप है कि सीमा पत्नी बृजेश कुमार तथा दिनेश कुमार की पत्नी समेत अन्य लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की, जिससे उन्हें चोटें आईं। वहीं दूसरे पक्ष ने भी पुलिस को तहरीर देकर अपने साथ मारपीट और अभद्रता किए जाने का आरोप लगाया है। घटना के बाद दोनों पक्ष थाने पहुंचे और कार्रवाई की मांग की।

प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों से तहरीर प्राप्त हुई है। घायलों का मेडिकल परीक्षण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts