- पूर्व विधायक बजरंग बहादुर सिंह के नेतृत्व में हुआ कार्यक्रम, प्रधानमंत्री के दीर्घायु और राष्ट्रसेवा के लिए की गई प्रार्थना
सौरभ जायसवाल
बृजमनगंज, महराजगंज। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लगातार 4,399 दिन प्रधानमंत्री पद पर पूर्ण करने के अवसर पर बुधवार को बृजमनगंज क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध लेहड़ा दुर्गा मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व विधानसभा फरेंदा के पूर्व विधायक बजरंग बहादुर सिंह ने किया।
इस अवसर पर मां लेहड़ा वाली और भगवान भोलेनाथ की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। श्रद्धालुओं और भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और राष्ट्रसेवा के लिए निरंतर ऊर्जा प्रदान किए जाने की कामना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक बजरंग बहादुर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ते हुए लगातार 4,399 दिनों तक प्रधानमंत्री पद पर रहकर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केवल एक राजनीतिक रिकॉर्ड नहीं, बल्कि जनसेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने गरीब कल्याण, आत्मनिर्भर भारत, आधारभूत संरचना विकास, डिजिटल परिवर्तन और वैश्विक स्तर पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा जैसे अनेक क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। उनके नेतृत्व में भारत विकास और विरासत दोनों को साथ लेकर आगे बढ़ रहा है।
पूर्व विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री का अंत्योदय और विकसित भारत का संकल्प देश को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का मार्ग प्रशस्त कर रहा है। उन्होंने मां लेहड़ा वाली से प्रार्थना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की राष्ट्रसेवा की यह यात्रा निरंतर जारी रहे और भारत विश्व पटल पर नए कीर्तिमान स्थापित करता रहे।
कार्यक्रम का समापन सुंदरकांड पाठ, आरती और प्रसाद वितरण के साथ हुआ। इस दौरान उपस्थित लोगों ने देश की समृद्धि, शांति और विकास के लिए सामूहिक प्रार्थना की।
कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही।













