शकील अहमद
मोहनलालगंज, लखनऊ। जननायक सुजीत पाण्डेय मेमोरियल ट्रस्ट एवं प्रधानमंत्री दिव्याशा केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में दिव्यांगजनों, वृद्धजनों और दिव्यांग बच्चों के कल्याण के लिए 17 एवं 18 जून को कालेवीर बाबा मंदिर प्रांगण, मोहनलालगंज में दो दिवसीय विशेष सहायक उपकरण वितरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के माध्यम से 400 से अधिक जरूरतमंद दिव्यांग एवं वृद्धजनों को विभिन्न सहायक उपकरण वितरित किए गए।
शिविर के दूसरे दिन सहायक पुलिस आयुक्त राजेश कुमार सिंह, मोहनलालगंज के ब्लॉक प्रमुख ओम प्रकाश शुक्ला तथा गोसाईगंज के ब्लॉक प्रमुख विनय वर्मा ‘डिंपल’ सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने लाभार्थियों को उपकरण प्रदान किए।
ट्रस्ट के ट्रस्टी डॉ. अजय पाण्डेय ‘सत्यम्’ ने बताया कि ट्रस्ट के स्वयंसेवकों ने विकास खंड मोहनलालगंज की विभिन्न ग्राम पंचायतों में घर-घर जाकर जरूरतमंद दिव्यांगजनों एवं वृद्धजनों का सर्वेक्षण किया था।
इसके बाद पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण कर उनकी आवश्यकता के अनुसार ट्राई साइकिल, मोटराइज्ड ट्राई साइकिल, सर्वाइकल कॉलर, छड़ी, कमर बेल्ट सहित अन्य सहायक उपकरण उपलब्ध कराए गए। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें सम्मानपूर्वक जीवन जीने के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम प्रभारी एवं राष्ट्रीय युवा पुरस्कार विजेता अवधेश कुमार ने कहा कि ऐसे जनकल्याणकारी प्रयास समाज के कमजोर और वंचित वर्गों के जीवन में नई उम्मीद और आत्मविश्वास जगाने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि सेवा और संवेदनशीलता ही समाज को आगे बढ़ाने की सबसे बड़ी शक्ति है।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले स्वयंसेवकों को ट्रस्ट की ओर से प्रमाण-पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में समाजसेवी, पत्रकार और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
प्रधानमंत्री दिव्याशा केंद्र से श्याम मोहन शुक्ला, श्रीकांत और लिपू दलाई सहित अनेक कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने कार्यक्रम के सफल संचालन में सहयोग किया।
यह आयोजन सामाजिक सरोकार, सेवा भावना और मानवता के प्रति ट्रस्ट की प्रतिबद्धता का उदाहरण बनकर सामने आया, जिससे सैकड़ों दिव्यांग एवं वृद्धजनों के जीवन में नई आशा और आत्मविश्वास का संचार हुआ।













