- नगर पंचायत अध्यक्ष राकेश जायसवाल ने विभिन्न वार्डों में विकास कार्यों की रखी आधारशिला, जल्द निर्माण शुरू होने का दावा
सौरभ जायसवाल
बृजमनगंज (महराजगंज)। आदर्श नगर पंचायत बृजमनगंज में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक और कदम बढ़ाते हुए विभिन्न वार्डों में 2 करोड़ 25 लाख रुपये की लागत से बनने वाली 12 सड़कों का शिलान्यास किया गया। नगर पंचायत अध्यक्ष राकेश जायसवाल ने विधिवत शिलान्यास कर निर्माण कार्यों की शुरुआत कराई।
नगर पंचायत अध्यक्ष ने बताया कि इन सड़कों के निर्माण का उद्देश्य वार्डवासियों को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध कराना और नगर की आधारभूत संरचना को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र में विकास कार्य निरंतर जारी हैं और जनहित से जुड़े कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं है।
राकेश जायसवाल ने कहा कि निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ समयबद्ध ढंग से पूरे कराए जाएंगे। सड़कें बनने के बाद लोगों को आवागमन में होने वाली कठिनाइयों से राहत मिलेगी और नगर की यातायात व्यवस्था भी बेहतर होगी।
उन्होंने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र के सभी वार्डों में चरणबद्ध तरीके से विकास कार्य कराए जा रहे हैं। सड़क, नाली, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना नगर पंचायत की प्राथमिकता है।
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान सभासद झिनक विश्वकर्मा, प्रद्युम्न सिंह, शिव प्रसाद चौरसिया, जेपी गौड़, राजू जायसवाल, रवि यादव, धर्मेंद्र चौरसिया, कृष्ण मोहन सिंह, अंबेडकर कुमार, भदाई चौहान सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।













