बृजमनगंज में सर्व शिक्षा अभियान फेज-2 का शुभारंभ, शिक्षा जागरूकता रैली निकली

  • नगर पंचायत अध्यक्ष राकेश जायसवाल ने दिखाई हरी झंडी, 15 जुलाई तक चलेगा नामांकन एवं जागरूकता अभियान

सौरभ जायसवाल

बृजमनगंज (महराजगंज)। नवीन शैक्षणिक सत्र 2026-27 के तहत प्रत्येक बच्चे को विद्यालय से जोड़ने के उद्देश्य से मंगलवार को ब्लॉक संसाधन केंद्र बृजमनगंज से सर्व शिक्षा अभियान (फेज-2) का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर शिक्षा जागरूकता रैली निकाली गई, जिसने नगर के विभिन्न मार्गों का भ्रमण कर लोगों को बच्चों के शत-प्रतिशत नामांकन के प्रति जागरूक किया।

रैली को मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष राकेश जायसवाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे तक शिक्षा पहुंचाना समाज और प्रशासन की साझा जिम्मेदारी है। अभिभावकों को चाहिए कि वे अपने बच्चों का समय पर विद्यालय में नामांकन कराकर नियमित रूप से पढ़ाई के लिए भेजें।

खंड शिक्षा अधिकारी अगनित कुमार ने बताया कि सर्व शिक्षा अभियान का दूसरा चरण 1 जुलाई से 15 जुलाई तक संचालित किया जाएगा। अभियान के दौरान विद्यालयों के शिक्षक, शिक्षा विभाग के अधिकारी और अन्य संबंधित कर्मचारी घर-घर संपर्क कर विद्यालय से बाहर बच्चों की पहचान करेंगे तथा उनका नामांकन सुनिश्चित करेंगे।

रैली में ब्लॉक प्रमुख उदय राज यादव, खंड विकास अधिकारी कृष्णकांत शुक्ला, एडीओ पंचायत गुलाब पाठक, विनय कुमार पाठक, एआरपी पंकज कुमार गुप्ता एवं लोरिक यादव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

शिक्षा जागरूकता रैली में उच्च प्राथमिक विद्यालय बृजमनगंज, प्राथमिक विद्यालय रत्तूपुर, लेहड़ा सेकेंड, मिश्रौलिया, महात्मा गांधी इंटर कॉलेज, रामबक्स जूनियर हाई स्कूल तथा ऑलमाइटी पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने शिक्षा के महत्व से जुड़े संदेशों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया।

कार्यक्रम में नागेंद्र कुमार चौरसिया, कमलेश कुमार सिंह, संजीत पटेल, उदय राज कनौजिया सहित शिक्षा विभाग के कर्मचारी एवं विद्यालयों के शिक्षक उपस्थित रहे। रैली के समापन पर नागरिकों से अपील की गई कि वे अपने आसपास के प्रत्येक बच्चे को विद्यालय से जोड़ने में सहयोग करें, ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts