बृजमनगंज में करीब तीन करोड़ की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास, नई पाइपलाइन और सात सड़कों का होगा निर्माण

  • नगर अध्यक्ष राकेश जायसवाल ने किया भूमि पूजन, पेयजल आपूर्ति और सड़क सुविधाओं को मिलेगा विस्तार

सौरभ जायसवाल

बृजमनगंज (महराजगंज)। आदर्श नगर पंचायत बृजमनगंज में विकास कार्यों को गति देते हुए बुधवार को करीब तीन करोड़ रुपये की लागत वाली पेयजल पाइपलाइन परियोजना और सात नई सड़कों के निर्माण कार्य का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया गया। नगर पंचायत अध्यक्ष राकेश जायसवाल ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच नारियल फोड़कर निर्माण कार्यों की शुरुआत कराई।

नगर पंचायत के अनुसार, लगभग 2.30 करोड़ रुपये की लागत से नई पेयजल पाइपलाइन बिछाई जाएगी, जिससे नगर के विभिन्न वार्डों में शुद्ध पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी। परियोजना पूरी होने के बाद जलापूर्ति व्यवस्था में सुधार आने के साथ पेयजल संकट से भी राहत मिलने की उम्मीद है।

इसके साथ ही नगर के विभिन्न वार्डों में जर्जर सड़कों के स्थान पर सात नई सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। प्रथम चरण में वार्ड संख्या 4, 7, 11 और 12 सहित अन्य क्षेत्रों में निर्माण कार्य शुरू कराया जा रहा है। इन सड़कों के निर्माण से आवागमन सुगम होगा तथा कई स्थानों पर जलभराव की समस्या में भी कमी आने की संभावना है।

नगर अध्यक्ष राकेश जायसवाल ने कहा कि नगर पंचायत में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार के सहयोग से बृजमनगंज को आदर्श नगर पंचायत के रूप में विकसित करने की दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। पेयजल, सड़क, नाली और अन्य जनसुविधाओं के विकास में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

भूमि पूजन कार्यक्रम में सभासद अनूप चौरसिया, झिनक विश्वकर्मा, अंबेडकर कुमार, धर्मेंद्र चौरसिया, झीनक चौधरी, राजन चौरसिया, दिलीप गुप्ता, सनी यादव, अनिल मणि, मनीष शुक्ला सहित स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

विकास परियोजनाओं के शिलान्यास के बाद स्थानीय लोगों ने खुशी जताते हुए कहा कि लंबे समय से सड़क और पेयजल की समस्याएं बनी हुई थीं। इन कार्यों के पूरा होने से नगरवासियों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts