तारा खेड़ा पहुंचे विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह, मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान और निःशुल्क नेत्र शिविर

  • मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान, निःशुल्क नेत्र शिविर में 50 जरूरतमंदों को मिलेंगे पावर के चश्मे

शकील अहमद

लखनऊ। सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र में विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह द्वारा संचालित जनसंपर्क एवं समस्या समाधान अभियान ‘आपका विधायक, आपके द्वार’ के 174वें सप्ताह के अंतर्गत रविवार को तारा खेड़ा ग्राम पंचायत में ग्राम बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित कर क्षेत्र की समस्याओं, विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं पर चर्चा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए गए।

कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। सम्मानित होने वाले विद्यार्थियों में वंदना वर्मा (68 प्रतिशत), अनुराधा (67 प्रतिशत), सलमा (63 प्रतिशत) और ललित (60 प्रतिशत) शामिल रहे। इस अवसर पर डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि शिक्षा समाज और राष्ट्र निर्माण की सबसे मजबूत नींव है तथा प्रतिभाओं को सम्मानित करने से अन्य विद्यार्थियों को भी बेहतर प्रदर्शन की प्रेरणा मिलती है।

ग्राम बैठक के साथ ही विजन प्लस के सहयोग से एक विशेष निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के माध्यम से 50 जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क पावर के चश्मे उपलब्ध कराए जाएंगे। विधायक ने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रत्येक नागरिक का अधिकार हैं और ग्रामीण क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।

डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि ‘आपका विधायक, आपके द्वार’ अभियान का उद्देश्य केवल समस्याओं का समाधान करना नहीं, बल्कि गांव-गांव तक विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना भी है। उन्होंने कहा कि जनता से सीधे संवाद के माध्यम से स्थानीय स्तर पर समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है और यह जनसेवा अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत के सम्मानित नागरिक, जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने क्षेत्र के विकास और जनहित से जुड़े विभिन्न सुझाव भी रखे, जिन पर विधायक ने सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts