बहराइच में 43वीं अन्तर जनपदीय बैडमिंटन क्लस्टर प्रतियोगिता का शुभारम्भ

  • जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह, 7 जुलाई तक चलेगी प्रतियोगिता

बहराइच। उत्तर प्रदेश पुलिस वार्षिक खेलकूद कैलेंडर-2026 के अंतर्गत आयोजित 43वीं अन्तर जनपदीय बैडमिंटन क्लस्टर (बैडमिंटन एवं टेबल टेनिस) महिला एवं पुरुष प्रतियोगिता-2026 का शुभारम्भ रविवार को जनपद बहराइच के इंदिरा गांधी स्टेडियम में उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। प्रतियोगिता का आयोजन 5 जुलाई से 7 जुलाई 2026 तक किया जा रहा है, जिसमें गोरखपुर जोन के विभिन्न जनपदों से आए पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिलाधिकारी बहराइच अक्षय त्रिपाठी तथा आयोजन सचिव एवं पुलिस अधीक्षक बहराइच विश्वजीत श्रीवास्तव ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साह बढ़ाया। इसके साथ ही आयोजन समिति को प्रतियोगिता के सफल एवं निष्पक्ष आयोजन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अपने संबोधन में अधिकारियों ने कहा कि खेल व्यक्ति में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास एवं टीम भावना का विकास करते हैं तथा शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की अपील की। साथ ही बताया कि पुलिस बल के लिए खेलकूद शारीरिक दक्षता, मानसिक दृढ़ता, तनाव प्रबंधन एवं कार्यक्षमता बनाए रखने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

सभी प्रतिभागियों को निष्पक्ष खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी गईं। इसके साथ ही सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को खेल भावना, निष्पक्षता एवं अनुशासन बनाए रखने की शपथ दिलाई गई।

इस अवसर पर जिलाधिकारी बहराइच अक्षय त्रिपाठी एवं पुलिस अधीक्षक बहराइच विश्वजीत श्रीवास्तव ने स्वयं टेबल टेनिस कोर्ट पर मैत्री मैच खेलकर प्रतियोगिता का शुभारम्भ किया। इससे खिलाड़ियों और उपस्थित अधिकारियों का उत्साह बढ़ा तथा पूरे परिसर में खेल भावना और उत्साह का वातावरण बना रहा।

प्रतियोगिता के प्रथम दिवस पर पुरुष एवं महिला वर्ग की विभिन्न स्पर्धाओं के मुकाबले प्रारम्भ हुए, जिनमें खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन एवं खेल भावना का परिचय दिया।

इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी, जनपद बहराइच के समस्त क्षेत्राधिकारीगण, आयोजन समिति के सदस्य, निर्णायक मंडल, विभिन्न जनपदों से आए टीम प्रभारी, खिलाड़ी, पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी तथा अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts