रायबरेली में खेत की रखवाली कर रही महिला को सांप ने डसा, इलाज के दौरान मौत

  • छप्पर के नीचे बैठी थी महिला, सर्पदंश के बाद सीएचसी खीरों से जिला अस्पताल किया गया था रेफर

रायबरेली। गुरुबक्शगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले भीतरगांव में खेत की रखवाली कर रही महिला को सर्प ने काट लिया। सर्पदंश की घटना के बाद उसे प्राथमिक उपचार के बाद सीएचसी खीरों से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

वहां पहुंचने पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका पिछले काफी समय से भीतरगांव में अपने पिता के घर पर रहती थी। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पिंकी पत्नी रितेश पिछले काफी समय से भीतरगांव स्थित अपने पिता भारत कुशवाहा के घर पर रहती थी। गुरुवार दोपहर बाद वह खेत की रखवाली के लिए छप्पर के नीचे बैठी थी। इसी दौरान अचानक किसी जहरीले सांप ने उसे डस लिया।

सर्पदंश के बाद पिंकी ने आसपास मौजूद लोगों को आवाज देकर मदद मांगी। परिजनों और ग्रामीणों की सहायता से उसे इलाज के लिए सीएचसी खीरों ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने उसकी हालत नाजुक होने पर उसे जिला अस्पताल रायबरेली रेफर कर दिया।

जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। गुरुबक्शगंज प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह ने बताया कि मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। हलका लेखपाल प्रियम पांडे ने बताया कि सर्पदंश की घटना का शिकार हुई महिला के परिवारजनों को सहायता राशि प्रदान करने की प्रक्रिया की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *