डॉ. राजेश्वर सिंह ने SKD Academy में मेधावियों को किया सम्मानित, वृक्षारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

  • बोर्ड और प्रतियोगी परीक्षाओं के उत्कृष्ट छात्र-छात्राओं का सम्मान, शिक्षा के साथ हरित भविष्य के निर्माण का किया आह्वान

शकील अहमद

लखनऊ। सरोजनीनगर के लोकप्रिय विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने वृंदावन योजना स्थित SKD Academy में आयोजित वर्ष 2026 की बोर्ड एवं प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान समारोह में सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं तथा परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण, दोनों ही राष्ट्र निर्माण के महत्वपूर्ण आधार हैं। विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता तथा पर्यावरण संरक्षण के संस्कार विकसित करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने सभी से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता उनके कठिन परिश्रम, अनुशासन, शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन और अभिभावकों के निरंतर सहयोग का परिणाम होती है। मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान केवल उनकी उपलब्धियों का अभिनंदन नहीं, बल्कि समाज में शिक्षा, उत्कृष्टता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को मजबूत करने का माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रतिभाशाली छात्र-छात्राएं राष्ट्र की अमूल्य धरोहर हैं, जो भविष्य में अपने ज्ञान, प्रतिभा और संस्कारों से देश एवं समाज का गौरव बढ़ाएंगे।

कार्यक्रम के दौरान डॉ. राजेश्वर सिंह ने कक्षा 12 के मेधावी विद्यार्थियों सुभान अली (95.00%), सुहानी शाक्य (98.25%), निष्कर्ष त्रिपाठी (98.00%), अनामिका (96.80%), मुदित सिंह (96.80%), उन्नति तिवारी (95.80%) तथा मो. मुब्तदिर (93.20%) को सम्मानित किया।

इसी प्रकार कक्षा 10 के मेधावी विद्यार्थियों सूर्यांश अवस्थी (99.20%), यथार्थ कुशवाहा (98.60%), विनायक मिश्रा (97.80%), रोहन यादव (97.00%) तथा गौरव सिंह (91.33%) को भी सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर SKD Academy के चेयरमैन एस.के.डी. सिंह, डायरेक्टर मनीष सिंह, डिप्टी डायरेक्टर निशा सिंह एवं क्लिनिकल डायरेक्टर डॉ. आशीष सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में पार्षद के.एन. सिंह, पार्षद मनोज रावत, पार्षद संजीव अवस्थी, आमोद कुमार, शैलेन्द्र सिंह, सुमन सिंह एवं रीना त्रिपाठी सहित अनेक गणमान्य नागरिक, शिक्षकगण, अभिभावक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में डॉ. राजेश्वर सिंह ने सभी सम्मानित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे अपनी प्रतिभा, परिश्रम और संस्कारों के बल पर समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा में उत्कृष्टता के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी जीवन का अभिन्न अंग बनाने और विकसित, हरित एवं समृद्ध भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *