- मुखबिर की सूचना पर तड़के हुई गिरफ्तारी, पूछताछ में साथी के साथ बाइक चोरी की बात कबूली, दूसरे आरोपी की तलाश जारी
सौरभ जायसवाल
बृजमनगंज (महराजगंज)। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ एवं क्षेत्राधिकारी दीपशिखा वर्मा के पर्यवेक्षण में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बृजमनगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की गई बाइक बरामद की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 28 मार्च 2026 को वादी सुखदेव यादव पुत्र रामनिवास, निवासी सिकड़ा कोइलहवा, थाना बृजमनगंज ने थाने में तहरीर देकर बताया था कि उनकी मोटरसाइकिल संख्या UP56AB7784 अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर ली गई है। इस संबंध में थाना बृजमनगंज में मु.अ.सं. 84/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम ने पतारसी और सुरागरसी के दौरान मुखबिर की सूचना पर 17 जुलाई 2026 को सुबह लगभग 4:30 बजे बहदराम खड़खड़िया क्षेत्र से कमलेश पुत्र रामप्रीत पासवान, निवासी मोहनपुर पासी टोला, पादरी बाजार, थाना शाहपुर, जनपद गोरखपुर, उम्र लगभग 23 वर्ष, को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल संख्या UP56AB7784 बरामद कर ली गई।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपने साथी उमेश पुत्र लल्लनजी, निवासी मोहनपुर पासी टोला, पादरी बाजार थाना शाहपुर जनपद गोरखपुर के साथ मिलकर थाना बृजमनगंज क्षेत्र के ग्राम सिकड़ा से उक्त मोटरसाइकिल चोरी की थी।
थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्रा ने बताया कि फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अमित कुमार सिंह, उपनिरीक्षक अरविन्द कुमार यादव, कांस्टेबल धीरेन्द्र सिंह यादव एवं आरक्षी अतुल मिश्रा शामिल रहे।













