- आगामी रक्षाबंधन के त्यौहार को लेकर मिलावटी खाद्य पदार्थ बेचने वालों के खिलाफ चलाया जा रहा है अभियान
रायबरेली। खीरों थाना क्षेत्र के अन्तर्गत महरानीगंज मजरे भितरी में शुक्रवार को आगामी रक्षाबंधन के त्यौहार से पहले सरकार के निर्देश पर मिलावटी खाद्य पदार्थों को लेकर चलाए जा रहे सघन जांच अभियान के दौरान खाद्य विभाग की टीम ने कई दुकानों पर पहुंचकर खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए। खाद्य विभाग के अधिकारी महेन्द्र यादव के नेतृत्व में टीम ने मिठाई व किराना स्टोर में खाद्य पदार्थों के सैम्पल भरने के लिए।
एक किराना स्टोर में खुले तेल का सैम्पल व एक होटल में मिठाई व नमकीन आदि चीजों की जांच की गई। खाद्य टीम के आने और खाद्य पदार्थों के सैंपल लेने के मामले की भनक लगते ही व्यापार मंडल के लोग सड़क पर आ गए और खाद्य विभाग की कार्रवाई पर विरोध प्रदर्शन करने लगे। वहीं क्षेत्र के दर्जनों लोगों का कहना है कि रक्षाबंधन का त्यौहार आने वाला है।
उससे पहले सरकार की नीति के अनुसार खाद्य विभाग के अधिकारी व खाद्य टीम मिलावटी खाद्य पदार्थ बेचने वालों के खिलाफ शिकंजा कस रही है तो इसमें गलत क्या है? व्यापार मंडल के लोगों द्वारा इसका विरोध करना सरासर गलत है। मिलावटी खाद्य पदार्थ बेचने वालों को इसे बढ़ावा मिलता है।
व्यापार मंडल के लोगों ने खाद टीम पर व्यापारियों का उत्पीड़न करने का आरोप लगाया। खाद्य विभाग के अधिकारी महेंद्र यादव ने बताया कि अगले महीने होने वाले रक्षाबंधन के त्यौहार को ध्यान में रखते हुए मिलावटी खाद्य पदार्थों की जांच व पकड़ के लिए सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। व्यापारियों का उत्पीड़न करने का आरोप निराधार है।
क्षेत्रीय लोगों ने खाद्य विभाग की कार्रवाई को बताया सही
क्षेत्र के दर्जनों आम लोगों का कहना है कि व्यापार मंडल के लोग अपनी राजनीतिक रोटियां सेक रहे हैं। इसमें से कई लोग आगामी पंचायत चुनाव में हिस्सा लेने वाले हैं, इसलिए वे व्यापारियों को खुश कर अपना वोट बैंक बढ़ा रहे हैं। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि खाद्य विभाग की टीम अगर नकली व मिलावटी खाद्य पदार्थ बेचने वालों के खिलाफ जांच अभियान चला रही है तो यह बिल्कुल सही है।
ऐसी कार्रवाई जरूर होनी चाहिए। जो व्यापारी सही खाद्य पदार्थ बेचते हैं, उन्हें डरने की क्या जरूरत है? नकली व मिलावटी खाद्य पदार्थ बेचने वालों की पहचान होना जरूरी है।













