देशभक्ति कार्यक्रमों से गूंजा विद्यालय परिसर, मुख्य अतिथि विजय सिंह ने विद्यार्थियों को अनुशासन और सोशल मीडिया के संतुलित उपयोग का दिया संदेश
आर स्टीफन (स्टेट हेड)
छत्तीसगढ़। डीएवी पब्लिक स्कूल, चिरमिरी के सभागार में कारगिल विजय दिवस देशभक्ति, गर्व और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम वर्ष 1999 के कारगिल युद्ध में भारत की ऐतिहासिक विजय तथा देश की रक्षा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर जवानों के अदम्य साहस और बलिदान को समर्पित रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विजय सिंह, टीआई, बड़ा बाजार, चिरमिरी द्वारा शहीदों के छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर तथा कैंडल जलाकर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुआ।
इस अवसर पर विद्यालय की स्टूडेंट काउंसिल के नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों हेड बॉय वेदांश पंडा, हेड गर्ल अनन्या सिंह, डिप्टी हेड बॉय आयुष सिंह तथा डिप्टी हेड गर्ल स्वर्णा श्रीवास्तव को निष्ठापूर्वक दायित्व निर्वहन की शपथ दिलाई गई। शपथ ग्रहण के पश्चात हेड बॉय वेदांश पंडा ने विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे अपनी पूरी टीम के साथ विद्यालय के विकास एवं अनुशासन के लिए समर्पित भाव से कार्य करेंगे।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीतों ने संपूर्ण वातावरण को राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत कर दिया। वहीं विद्यालय की छात्राओं ने देशभक्ति गीतों पर आकर्षक समूह नृत्य की प्रस्तुति दी, जिसकी सभी ने सराहना की। विद्यालय के संगीत शिक्षक दीपांकर चक्रवर्ती ने भावपूर्ण देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर सभी को भावविभोर कर दिया।
मुख्य अतिथि विजय सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें एक उत्कृष्ट विद्यालय में अध्ययन का अवसर मिला है, इसलिए वे पूरी लगन और मेहनत से पढ़ाई करें तथा अपने माता-पिता, विद्यालय और चिरमिरी शहर का नाम रोशन करें। उन्होंने सोशल मीडिया के नकारात्मक प्रभावों से सावधान रहने की सलाह देते हुए कहा कि यह आज हमारी जीवनशैली में तेजी से प्रवेश कर रहा है।
विद्यार्थियों को इससे संतुलित दूरी बनाकर रखनी चाहिए तथा मोबाइल फोन का उपयोग केवल अध्ययन और ज्ञानवर्धन के लिए करना चाहिए, न कि रील बनाने या समय व्यर्थ करने के लिए। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को जीवन में सफलता प्राप्त करने के अनेक प्रेरणादायक एवं ज्ञानवर्धक संदेश दिए।
विद्यालय के प्राचार्य एस. के. पांडे ने कारगिल विजय दिवस के अवसर पर शहीदों को नमन करते हुए कहा कि वर्ष 1999 में आज ही के दिन हमारे जांबाज सैनिकों ने कारगिल की बर्फीली चोटियों पर ऑपरेशन विजय को सफलतापूर्वक अंजाम देकर तिरंगा फहराया था।
उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे वीर सैनिकों के पदचिह्नों पर चलते हुए अपनी पढ़ाई, अनुशासन और श्रेष्ठ कर्मों के माध्यम से राष्ट्र की प्रगति में योगदान दें। यही हमारे शहीदों के प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम का प्रभावी संचालन कक्षा दसवीं के विद्यार्थियों श्रेयांश मिश्रा एवं मोखिता ने किया। कार्यक्रम का समापन देशभक्ति की भावना, शहीदों के प्रति श्रद्धा और राष्ट्रसेवा के संकल्प के साथ हुआ।













