- श्रद्धालुओं ने किए श्री बालाजी महाराज के दर्शन, मुख्य महंत तीर्थराज त्रिपाठी ने संपन्न कराई विशेष पूजा और महाआरती
शकील अहमद
सरोजनीनगर (लखनऊ)। राजधानी लखनऊ के सरोजनीनगर स्थित न्यू हनुमान पुरी, गली नंबर-8 में स्थित श्री बालाजी मंदिर संकट मोचन धाम में बुधवार, 29 जुलाई 2026 को गुरु पूर्णिमा का पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर श्री बालाजी महाराज के दर्शन किए, आशीर्वाद प्राप्त किया तथा अपने-अपने गुरुओं का पूजन-अर्चन किया।
गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर मंदिर परिसर में 108 हनुमान चालीसा, प्रेतराज चालीसा एवं भैरव चालीसा का सामूहिक पाठ किया गया। मंदिर के मुख्य महंत श्री तीर्थराज त्रिपाठी ने विधि-विधान से श्री बालाजी महाराज का भव्य पूजन-अर्चन एवं विशेष आरती संपन्न कराई। पूजा-अर्चना के उपरांत श्रद्धालुओं ने दर्शन कर सुख-समृद्धि एवं संकटों से मुक्ति की कामना की।
इस अवसर पर श्री बालाजी संकट मोचन धाम ट्रस्ट के पदाधिकारी एवं सदस्य भी उपस्थित रहे। इनमें आनंद सिंह चौहान, दिनेश सिंह चौहान, स्वतंत्र सिंह चौहान, अमर सिंह चौहान, रामराज, अमन सिंह चौहान, हिमांशु मिश्रा, धर्मेंद्र तिवारी, वरिष्ठ पत्रकार एवं पुजारी आयुष बाजपेई, विशाल राजपूत, आशीष रवि त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे, बुजुर्ग एवं युवा श्रद्धालु शामिल रहे।
मंदिर के मुख्य महंत श्री तीर्थराज त्रिपाठी ने बताया कि गुरु पूर्णिमा का दिन गुरु के प्रति श्रद्धा और सम्मान व्यक्त करने का सबसे महत्वपूर्ण अवसर होता है। उन्होंने कहा कि वर्ष में एक बार आने वाला यह पर्व गुरु पूजन के लिए समर्पित है, इसलिए मंदिर में इस दिन विशेष धार्मिक आयोजन किया गया।
उन्होंने बताया कि श्री बालाजी मंदिर संकट मोचन धाम की विशेष मान्यता है कि यहां आने वाले श्रद्धालुओं के कष्ट और संकट दूर होते हैं। यही कारण है कि प्रत्येक मंगलवार और शनिवार को यहां बड़ी संख्या में भक्त दर्शन एवं पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं।













