रायबरेली में PET-2026 परीक्षा: पहली पाली में 6,930 अभ्यर्थी उपस्थित, 2,814 रहे अनुपस्थित
- जिले के 24 केंद्रों पर दो पालियों में हो रही परीक्षा, डीएम सरनीत कौर ब्रोका और एसपी रवि कुमार ने केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं परखीं
रायबरेली। जनपद में उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से आयोजित प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 को सुचारु, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका और पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने न्यू स्टैण्डर्ड पब्लिक स्कूल, त्रिपुला सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया और परीक्षा के सुचारु संचालन के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जनपद में पीईटी-2026 की परीक्षा 25 अक्टूबर को कुल 24 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित की जा रही है। परीक्षा को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से सभी केंद्रों की व्यवस्थाओं पर निगरानी रखी जा रही है।
प्रथम पाली में आयोजित परीक्षा में कुल 9,744 पंजीकृत परीक्षार्थियों के सापेक्ष 6,930 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जबकि 2,814 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को परीक्षा के दौरान निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। साथ ही परीक्षा प्रक्रिया को सुचारु बनाए रखने और परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।