रायबरेली: ग्राम समाज की जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत, डीएम ने तहसीलदार को दिए जांच के निर्देश
खीरों, रायबरेली। ग्राम सभा की सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जे के खिलाफ सरकार का रुख बेहद सख्त है। उसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों की मिली भगत और खाऊ-कमाऊ नीति के चलते क्षेत्र में आए दिन सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जे के मामले सामने आते रहते हैं। एक ताजा मामले में थाना क्षेत्र के अंतर्गत दुकनहा गांव में ग्राम सभा की सुरक्षित जमीन पर अवैध कब्जा कर निर्माण कराने की आइजीआरएस शिकायत डीएम से की गई है।
मामले में तहसीलदार को जांच कर कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया है। शिकायत के पांच दिन बीत चुके हैं। मामले में अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि हल्का लेखपाल की मिली भगत से अवैध निर्माण हो रहा है।
दुकनहा निवासी शिव बहादुर सिंह पुत्र नकुल सिंह ने डीएम से आईजीआरएस शिकायत करते हुए बताया कि गांव निवासी रामबरन साहू पुत्र स्व.लल्लू द्वारा दुकनहा-खीरों मेन रोड के किनारे रावतबीर बाबा मंदिर के पास स्थित ग्राम समाज की जमीन पर अवैध कब्जा कर लिया गया है। पिछले एक सप्ताह से जमीन पर अवैध निर्माण किया जा रहा है।
डीएम से की गई शिकायत के बाद पांच दिन का समय बीत चुका है। मामले में अभी तक जिम्मेदारों द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई है। हल्का लेखपाल अमरजीत ने बताया कि शिकायत के बारे में जानकारी नहीं है। संपर्क करने पर राजस्व निरीक्षक सुशील श्रीवास्तव ने फोन नहीं उठाया।
सरकारी जमीनों पर नजर गड़ाए रहता है आरोपी
गौरतलब है कि ग्राम समाज की सुरक्षित भूमि पर अवैध कब्जे के आरोपी रामबरन साहू पुत्र स्व.लल्लू ने लगभग तीन महीने पहले गांव में दुकनहा-खीरों रोड के किनारे बने आरआरसी सेंटर के बगल स्थित सरकारी जमीन पर अपने भाई के साथ मिलकर अवैध निर्माण शुरू करवा दिया था। गांव निवासी एक फौजी चंद्रभान की शिकायत के बाद अवैध कब्जे के मामले में राजस्व कर्मियों ने कार्रवाई किया।