लखनऊ में डीसीपी दक्षिणी ने विजय नगर पुलिस चौकी का किया औचक निरीक्षण, लंबित शिकायतों के निस्तारण के निर्देश

– चौकी की साफ-सफाई, अभिलेखों और पुलिसकर्मियों की ड्यूटी व्यवस्था का लिया जायजा; फरियादियों से शालीन व्यवहार करने पर दिया जोर
शकील अहमद
कृष्णानगर (लखनऊ)। पुलिस उपायुक्त दक्षिणी मोहम्मद मुश्ताक ने थाना कृष्णानगर क्षेत्र के अंतर्गत चौकी विजय नगर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चौकी की व्यवस्थाओं, पुलिसकर्मियों की कार्यप्रणाली और आमजन की शिकायतों के निस्तारण की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस उपायुक्त ने सबसे पहले चौकी परिसर का भ्रमण कर साफ-सफाई एवं स्वच्छता व्यवस्था की स्थिति देखी। इसके बाद चौकी में रखे अभिलेखों और विभिन्न रजिस्टरों के रख-रखाव का निरीक्षण किया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की उपस्थिति एवं अनुशासन की भी समीक्षा की।
पुलिस उपायुक्त ने चौकी पर आने वाले आमजन की समस्याओं और शिकायतों के निस्तारण की स्थिति का जायजा लिया। लंबित प्रार्थना पत्रों की समीक्षा करते हुए उनके समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। साथ ही चौकी परिसर एवं कार्यालय की व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित और साफ-सुथरा बनाए रखने पर जोर दिया।
उन्होंने पुलिसकर्मियों को आमजन के साथ शालीन, संवेदनशील एवं सहयोगात्मक व्यवहार करने के निर्देश दिए। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध नियंत्रण के लिए सतर्कता के साथ प्रभावी पुलिसिंग करने को कहा।
पुलिस उपायुक्त ने निर्देशित किया कि चौकी पर आने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत को गंभीरता से सुना जाए और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुलिस कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, जवाबदेही और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
