रायबरेली के ऊंचाहार रोजगार मेले में 472 अभ्यर्थियों का प्राथमिक चयन, मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय ने बांटे नियुक्ति पत्र

18 कंपनियों ने लिया हिस्सा, 948 अभ्यर्थियों ने दिया साक्षात्कार
कुछ कंपनियों के परिणाम अभी लंबित
रायबरेली। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत जिला सेवायोजन कार्यालय, रायबरेली की ओर से सोमवार को डॉ. भीमराव आंबेडकर महाविद्यालय, ऊंचाहार परिसर में एक दिवसीय विधानसभा स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया।
मेले में 18 कंपनियों ने प्रतिभाग किया, जिसमें कुल 948 अभ्यर्थियों ने रोजगार के अवसर प्राप्त करने के लिए साक्षात्कार दिया। इनमें से लगभग 472 अभ्यर्थियों का प्राथमिक रूप से चयन किया गया, जबकि कुछ कंपनियों के परिणाम अभी लंबित हैं।
रोजगार मेले का शुभारंभ मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर मंत्री ने चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए तथा युवाओं को रोजगार के उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में जिला सेवायोजन अधिकारी डॉ. दिनकर कुमार एवं डॉ. भीमराव आंबेडकर महाविद्यालय, ऊंचाहार के प्राचार्य ने मेले में प्रतिभाग करने वाले अतिथियों, नियोजकों एवं अभ्यर्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
मेले में मुख्य रूप से महादेव हनुमान विजय प्लेसमेंट सर्विस, ब्राइट फ्यूचर, अडानी सोलर, टाटा मोटर्स, न्यू हॉलैंड, शिवम होम हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड सहित कुल 18 कंपनियों के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का संचालन प्रभारी मीना मंच, बेसिक शिक्षा विभाग रायबरेली के एस.एस. पाण्डेय एवं जिला सेवायोजन कार्यालय के सर्वेश कुमार राय ने किया। वहीं, सुश्री श्वेता मिश्रा ने कौशल विकास मिशन की ओर से गीत एवं वक्तव्य के माध्यम से प्रस्तुति दी।
रोजगार मेले के सफल आयोजन में जिला प्रबंधक, कौशल विकास मिशन राजीव सिंह, बालेन्द्र सिंह, तृप्ति सिंह, कौशल विकास मिशन एवं कार्यदेशक, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (रा.औ.प्र.सं.) ऊंचाहार प्रतिमा, अनुदेशक अर्चना मौर्य, आनन्द सिंह यादव, जिला सेवायोजन कार्यालय के जितेन्द्र सिंह कनौजिया, गुलरेज सुंहेल, धीरेन्द्र सिंह, रामेन्द्र कुमार पाण्डेय, अश्वनी कुमार, मो. जमीर, तनीषा श्रीवास्तव, सोनाली सोनकर, विजय कुमार, सुरेश चन्द्र, रामेन्द्र कुमार एवं महेन्द्र कुमार ने विशेष सहयोग प्रदान किया।
