रायबरेली में राज्य स्तरीय बालिका कबड्डी प्रतियोगिता में आगरा छात्रावास बना विजेता, आगरा मंडल उपविजेता

फाइनल में आगरा छात्रावास ने आगरा मंडल को 43-27 से हराया; 17 टीमों की 248 बालिका खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
रायबरेली। खेल निदेशालय, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के तत्वावधान में जिला खेल कार्यालय, रायबरेली की ओर से 14 से 16 नवंबर 2026 तक आयोजित प्रदेश स्तरीय समन्वय सब-जूनियर बालिका कबड्डी प्रतियोगिता का सोमवार को भव्य समापन हुआ। प्रतियोगिता में प्रदेश के 16 मंडलों एवं आगरा छात्रावास सहित कुल 17 टीमों की 248 बालिका खिलाड़ियों ने प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के अंतिम दिन खेले गए लीग मुकाबलों में वाराणसी मंडल ने अलीगढ़ मंडल को 29-20 से पराजित किया। आगरा मंडल ने मिर्जापुर मंडल को 45-43 से हराया। आगरा छात्रावास ने आजमगढ़ मंडल को 41-33 से शिकस्त दी, जबकि प्रयागराज मंडल ने मेरठ मंडल को 29-15 से पराजित किया।
सेमीफाइनल मुकाबलों में आगरा मंडल ने वाराणसी मंडल को 37-27 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। वहीं, दूसरे सेमीफाइनल में आगरा छात्रावास ने प्रयागराज मंडल को 34-27 से पराजित कर फाइनल में अपनी जगह सुनिश्चित की।
फाइनल मुकाबला आगरा मंडल एवं आगरा छात्रावास के बीच खेला गया। इसमें आगरा छात्रावास की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आगरा मंडल को 43-27 से पराजित कर प्रतियोगिता का विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया। आगरा मंडल उपविजेता रहा।
जिलाधिकारी ने किया खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन
फाइनल मुकाबला जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। जिलाधिकारी ने खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं खेल कौशल की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि खेल बालिकाओं में आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं शारीरिक दक्षता विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल के प्रति समर्पित रहने तथा भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता का समापन एवं पुरस्कार वितरण जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका तथा उत्तर प्रदेश कबड्डी एसोसिएशन, अयोध्या के सचिव बृजेन्द्र प्रताप सिंह द्वारा किया गया। इस अवसर पर विजेता एवं उपविजेता टीमों को सम्मानित किया गया।
निर्णायक मंडल की रही महत्वपूर्ण भूमिका
प्रतियोगिता के सफल संचालन में उत्तर प्रदेश कबड्डी एसोसिएशन के सचिव बृजेन्द्र प्रताप सिंह तथा निर्णायक मंडल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। निर्णायक मंडल में चेयरमैन रेफरी बोर्ड, उत्तर प्रदेश कबड्डी एसोसिएशन, अयोध्या के सुरेश कुमार सिंह के साथ माया प्रसाद राय (आजमगढ़), शराफत अली (सीतापुर), शिवसुन्दर शुक्ला (रायबरेली), पुनीत तेवतिया (हापुड़), सी.जी. शुक्ला (लखनऊ), अनूप शुक्ला (लखनऊ), टिंकू कुमार (लखनऊ), राधेश्याम पटेल (वाराणसी), बृजेश (रायबरेली), पीयूष (अयोध्या), रामअवध वर्मा (वाराणसी), अजय मिश्रा (लखनऊ), हिमांशु (रायबरेली), नीतू गुप्ता (अयोध्या), मनीषा (लखनऊ), अंजली वर्मा (वाराणसी), प्रतीक्षा (एटा), क्षमा वर्मा (बुलंदशहर) एवं प्रांजलि पटेल (प्रयागराज) ने निर्णायक की भूमिका निभाई।
इस अवसर पर क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी, लखनऊ मंडल डॉ. अतुल सिन्हा विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने प्रतियोगिता की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए आयोजन में लगे क्रीड़ाधिकारियों एवं कर्मचारियों का उत्साहवर्धन किया। इसके अतिरिक्त जनपद के वरिष्ठ खिलाड़ी अशोक कुमार, अवैतनिक कबड्डी सचिव, रायबरेली बृजेन्द्र शुक्ला तथा खेल विभाग की ओर से उपक्रीड़ाधिकारी, कासगंज हरफूल सिंह भी उपस्थित रहे।
आयोजन में इन लोगों ने दिया विशेष योगदान
प्रतियोगिता के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए खेल विभाग के अधिकारियों, उत्तर प्रदेश कबड्डी एसोसिएशन के पदाधिकारियों, कर्मचारियों एवं आयोजन समिति के सदस्यों ने आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं। आयोजन में बाबूलाल, मंजू, नरेश कुमार निषाद, जीवन रक्षक, अश्वनी चन्द्रा, पिंकू कुमार, मोहम्मद शोएब खान एवं किरन कुमारी ने विशेष योगदान दिया।
प्रतियोगिता के दौरान बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों, खेल प्रेमियों एवं वरिष्ठ खिलाड़ियों ने उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया तथा खेल भावना की सराहना की।
सम्पूर्ण प्रतियोगिता का संचालन क्रीड़ाधिकारी, जिला खेल कार्यालय, रायबरेली धीरेन्द्र कुमार पुरुषोत्तम के निर्देशन में किया गया। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर उन्होंने प्रदेश के विभिन्न जनपदों एवं मंडलों से आए समस्त खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों, अतिथियों, दर्शकों एवं आयोजन में सहयोग प्रदान करने वाले सभी व्यक्तियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
आगरा छात्रावास की टीम की शानदार जीत के साथ प्रदेश स्तरीय सब-जूनियर बालिका कबड्डी प्रतियोगिता का सफलतापूर्वक समापन हुआ।
