रायबरेली में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण की तैयारी तेज, डीएम ने BLO और सुपरवाइजरों को दिया प्रशिक्षण

छह विधानसभा क्षेत्रों के बीएलओ को तीन पालियों में दी गई ट्रेनिंग
ECINET और BLO ऐप के इस्तेमाल के साथ निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की दी गई जानकारी
रायबरेली। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम को प्रभावी एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में राना बेनी माधव बक्श सिंह ऑडिटोरियम में बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजर्स को प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण से संबंधित विभिन्न कार्यवाहियों, निर्वाचन से जुड़े अधिनियमों एवं नियमों, ईसीआईनेट (ECINET), बीएलओ ऐप सहित निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित अन्य महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजर्स को उनके दायित्वों, कार्यप्रणाली तथा निर्वाचक नामावलियों के पुनरीक्षण के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों से अवगत कराया गया, ताकि पुनरीक्षण कार्य पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं निर्धारित समय-सीमा के भीतर संपन्न कराया जा सके।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदेय स्थलों के सम्भाजन के उपरांत अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर जनपद के सभी छह विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है।
इसी क्रम में सभी छह विधानसभा क्षेत्रों में नियुक्त बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजर्स को चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिससे निर्वाचन संबंधी सभी कार्यवाहियों का सुचारु एवं त्रुटिरहित क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।
तीन पालियों में आयोजित हुआ प्रशिक्षण
प्रशिक्षण कार्यक्रम तीन पालियों में आयोजित किया गया। प्रथम पाली में विधानसभा क्षेत्र 179-हरचंदपुर एवं 180-रायबरेली, द्वितीय पाली में विधानसभा क्षेत्र 182-सरेनी एवं 183-ऊंचाहार तथा तृतीय पाली में विधानसभा क्षेत्र 177-बछरावां (अ.जा.) एवं 181-सलोन (अ.जा.) के बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजर्स को प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
जिलाधिकारी ने निर्वाचन संबंधी सभी कार्यों को गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ संपादित करने पर बल देते हुए कहा कि निर्वाचक नामावलियों का शुद्ध, पारदर्शी एवं अद्यतन होना स्वतंत्र एवं निष्पक्ष निर्वाचन की महत्वपूर्ण आधारशिला है। इसलिए सभी संबंधित कार्मिक निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का भली-भांति अनुपालन करते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी श्याममणि त्रिपाठी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी ब्रजेश तिवारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
