मिशन शक्ति 5.0 के तहत हथिगढ़वा में बहु-बेटी सम्मेलन, महिलाओं और बालिकाओं को किया गया जागरूक

बृजमनगंज, महराजगंज। बृजमनगंज थाना क्षेत्र के हथिगढ़वा गांव में रविवार को मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत बहु-बेटी सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को आत्मनिर्भरता, सुरक्षा और सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें सशक्त बनाना था।

इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी अर्चना यादव एवं प्रिया वर्मा मुख्य रूप से मौजूद रहीं। इनके साथ आशा कार्यकत्री शारदा, आंगनवाड़ी कार्यकत्री मंजू देवी और अंजू श्रीवास्तव ने सक्रिय भूमिका निभाई।

महिलाओं को दी गई आत्मरक्षा और सरकारी योजनाओं की जानकारी

मिशन शक्ति टीम की ओर से उपस्थित महिलाओं और बालिकाओं को “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ”, कन्या सुमंगल योजना, महिला कल्याण विभाग की योजनाओं एवं आत्मरक्षा प्रशिक्षण के महत्व के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
साथ ही महिला हेल्पलाइन नंबर 112, 1090, 102 और 181 के उपयोग की जानकारी देकर बताया गया कि किसी भी आपात स्थिति में ये नंबर कैसे मददगार साबित हो सकते हैं।

कार्यक्रम में महिलाओं और किशोरियों को साइबर अपराधों से बचाव, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग और ऑनलाइन ठगी से बचने के उपायों के बारे में भी बताया गया।

कार्यक्रम में शामिल महिलाओं ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान से उनमें आत्मविश्वास, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता की भावना बढ़ी है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन से गांव की महिलाएं और बालिकाएं अधिक जागरूक और सशक्त बन रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *