रायबरेली में प्रमुख सचिव की सख्त समीक्षा: प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक पहुंचे योजनाओं का लाभ, वार्षिक लक्ष्य समय से पूरा करने के निर्देश

  • सीएम डैशबोर्ड की फ्लैगशिप योजनाओं की गहन समीक्षा
  • पीएम आवास, किसान सम्मान निधि और पेंशन योजनाओं पर विशेष जोर
  • गौशालाओं, बिजली आपूर्ति और जल जीवन मिशन की प्रगति पर नाराजगी
  • एम्स व अन्य निर्माणाधीन परियोजनाओं का किया स्थलीय निरीक्षण

रायबरेली। प्रमुख सचिव पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, उत्तर प्रदेश शासन तथा जनपद रायबरेली के नोडल अधिकारी सुभाष चंद्र शर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड पर उपलब्ध फ्लैगशिप योजनाओं, विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा करते हुए प्रमुख सचिव ने निर्देश दिए कि स्थायी पात्रता सूची तैयार करते समय यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र लाभार्थी सर्वे से वंचित न रह जाए।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की समीक्षा में शत-प्रतिशत पात्र किसानों को लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए।

गौवंश संरक्षण व पेंशन योजनाओं पर विशेष निर्देश

निराश्रित गोवंश संरक्षण की समीक्षा में निर्देश दिए गए कि सभी निराश्रित गोवंशों को अनिवार्य रूप से संरक्षित कराया जाए। ठंड को देखते हुए गौशालाओं में शेड चारों ओर से कवर्ड कराए जाएं तथा मृत गोवंशों का नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन एवं दिव्यांग पेंशन की समीक्षा करते हुए प्रमुख सचिव ने कहा कि प्रत्येक पात्र लाभार्थी को समय से पेंशन का लाभ मिलना चाहिए। साथ ही दिव्यांगजनों के यूडीआईडी कार्ड प्राथमिकता के आधार पर जारी करने के निर्देश दिए गए, ताकि उन्हें सरकारी योजनाओं का समुचित लाभ मिल सके।

बिजली, जल जीवन मिशन और अन्य योजनाएं

विद्युत विभाग की समीक्षा में रोस्टर के अनुसार निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा खराब ट्रांसफॉर्मरों को निर्धारित समय में बदलने के निर्देश दिए गए।
जल जीवन मिशन के अंतर्गत कार्यों की प्रगति असंतोषजनक पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

इसके अतिरिक्त ऑपरेशन कायाकल्प, पीएम आवास (शहरी), पीएम विश्वकर्मा योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की भी विस्तृत समीक्षा की गई।

प्रमुख सचिव ने कहा कि वित्तीय वर्ष के केवल तीन माह शेष हैं, इसलिए सभी विभाग अपने वार्षिक लक्ष्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करें और यह सुनिश्चित करें कि शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे।

निर्माणाधीन परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण

बैठक के बाद प्रमुख सचिव ने एम्स रायबरेली में निर्माणाधीन 100 बेड क्रिटिकल केयर ब्लॉक, राणा बेनी माधव स्मृति ऑडिटोरियम एवं पुस्तकालय का निरीक्षण कर कार्यदायी संस्थाओं को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने इंदिरा उद्यान में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत लगाए गए वृक्षों का भी निरीक्षण किया।

बैठक में रहे उपस्थित

बैठक में जिलाधिकारी हर्षिता माथुर, पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह, मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. नवीन चंद्रा, अपर जिलाधिकारी (वि०रा०) अमृता सिंह, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) विशाल यादव, जिला विकास अधिकारी अरुण कुमार, परियोजना निदेशक डीआरडीए सतीश प्रसाद मिश्रा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी व कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts