महराजगंज। भारत सरकार में वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी को उत्तर प्रदेश भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने पर महराजगंज जनपद में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर आनंदनगर स्थित भाजपा के पूर्व विधायक चौधरी शिवेंद्र सिंह के आवास पर पटाखे फोड़े गए और मिठाइयों का वितरण कर खुशियां मनाई गईं।
इस मौके पर कुर्मी समाज के जिला अध्यक्ष बिनोद चौधरी और ओम प्रकाश साहनी ने कहा कि पंकज चौधरी के प्रदेश अध्यक्ष बनने से महराजगंज जनपद का गौरव बढ़ा है। यह पहली बार है जब जिले के किसी नेता को प्रदेश संगठन की कमान सौंपी गई है, जो जनपद के लिए सम्मान की बात है।
इसी क्रम में पूर्व विधायक चौधरी शिवेंद्र सिंह के आवास पर उनके सुपुत्र रवींद्र बहादुर सिंह के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यकर्ताओं ने इस निर्णय पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह महराजगंज के लिए ऐतिहासिक क्षण है। उपस्थित नेताओं ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष बनने से न केवल महराजगंज, बल्कि पूरे पूर्वांचल के विकास को नई दिशा मिलेगी।
भाजपा कार्यकर्ता शिवम जायसवाल और गादे पहलवान ने कहा कि आजादी के बाद पहली बार सीमावर्ती जनपद महराजगंज को भाजपा संगठन में इतना बड़ा दायित्व मिला है, जो हम सभी के लिए गर्व का विषय है।
वहीं युवा जायसवाल समाज के पूर्व अध्यक्ष जयंत कुमार जायसवाल और प्रदीप चौधरी ने कहा कि पार्टी ने एक समर्पित और जमीनी कार्यकर्ता को प्रदेश संगठन का नेतृत्व सौंपा है।
इस अवसर पर शैलेश कन्नौजिया, समाजसेवी करमचंद यादव, राम नारायण, शिव पूजन, घनश्याम, अशोक, वीरेंद्र, बल गोविंद, रामदेव, राम यादव, केसर, दिलीप, राम किशोर, सुनील, प्रमोद, श्याम नारायण, अमित सहित सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी साझा की।


















