शिवभक्ति में डूबा छठा दिवस: दधीचि ऋषि की कथा से भावविभोर हुए श्रद्धालु

  • श्री शिव महापुराण कथा में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, ‘हर हर महादेव’ के जयघोष से गूंजा हिंद नगर

शकील अहमद

सरोजनी नगर (लखनऊ)। आध्यात्मिक चेतना, शिवभक्ति और भावनात्मक उल्लास से ओत-प्रोत वातावरण में आयोजित विशाल श्री शिव महापुराण कथा का षष्ठम (छठा) दिवस श्री रामलीला मैदान, हिंद नगर में श्रद्धा और भक्ति के साथ भव्य रूप से संपन्न हुआ। इस अवसर पर श्रद्धालुओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही और संपूर्ण परिसर भक्तिरस में डूबा नजर आया।

छठे दिवस की कथा में परम पूज्य श्री प्रशांत प्रभु जी महाराज ने महान त्यागी दधीचि ऋषि की अमर एवं प्रेरणादायी कथा का अत्यंत भावपूर्ण वर्णन किया। महाराज श्री ने बताया कि किस प्रकार दधीचि ऋषि ने लोककल्याण और देवताओं की रक्षा के लिए अपने शरीर का दान कर त्याग, बलिदान और धर्मरक्षा का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया। यह प्रसंग सुनकर श्रोतागण भाव-विभोर हो उठे और पूरा पंडाल करुणा व श्रद्धा से भर गया।

कथा के दौरान प्रस्तुत भजन-कीर्तन ने वातावरण को और अधिक भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालु तन्मय होकर कथा श्रवण करते नजर आए और संपूर्ण पंडाल “हर हर महादेव” के जयघोष से गूंज उठा। प्रतिदिन बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या इस आयोजन के प्रति जन-आस्था और विश्वास का सशक्त प्रमाण प्रस्तुत कर रही है।

आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा और अनुशासन को ध्यान में रखते हुए सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित रखी गई हैं, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक आगे बढ़ रहा है।

रुद्र महायज्ञ और शिव विवाह की तैयारी

कथा आयोजन के अंतर्गत राष्ट्रीय रक्षा की भावना से प्रेरित रुद्र महायज्ञ प्रतिदिन प्रातः 8:00 बजे से 12:00 बजे तक वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हो रहा है, जिसमें विद्वान आचार्यों द्वारा विधिवत आहुतियां दी जा रही हैं। आयोजन समिति ने जानकारी दी कि कल श्री शिव महापुराण कथा के अंतर्गत भगवान शिव एवं माता पार्वती के दिव्य विवाह (शिव विवाह) का भव्य और भावनात्मक आयोजन किया जाएगा, जिसे लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि श्री शिव महापुराण कथा का आयोजन 15 दिसंबर से 25 दिसंबर 2025 तक प्रतिदिन सायं 4:00 बजे से रात्रि 9:00 बजे तक श्री रामलीला मैदान, हिंद नगर, लखनऊ में किया जा रहा है। कथा उपरांत श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद एवं नित्य भंडारे की व्यवस्था भी की गई है।

इस पावन आयोजन के मुख्य यजमान श्री सर्वेश तिवारी एवं श्रीमती सुमन तिवारी हैं। कार्यक्रम मुख्य संरक्षक विधायक श्री राजेश्वर सिंह (सरोजनी नगर) के संरक्षण, कथा अध्यक्ष श्रीमती मधु यादव के मार्गदर्शन तथा मुख्य व्यवस्थापक श्रीमती रंजना मिश्रा के कुशल प्रबंधन में सफलतापूर्वक संपन्न हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *