सौरभ जायसवाल
महाराजगंज। महाराजगंज जनपद के बृजमनगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा मटिहनवा टोला हर्जनपुर में स्थित कूड़ा एकत्रीकरण के लिए बनाए गए आरआरसी (RRC) सेंटर में चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। अज्ञात चोरों ने आरआरसी सेंटर से लोहे का दरवाजा, लोहे के खंभे, नल-टोटी सहित अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया, जिससे क्षेत्र में रोष और दहशत का माहौल है।
ग्राम प्रधान शिवांचल प्रसाद सहित ग्रामीणों ने घटना का शीघ्र खुलासा करने और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि विनोद जायसवाल ने पुलिस को सूचना देते हुए बताया कि बुधवार की रात ग्राम सभा में बने आरआरसी सेंटर (कचरा घर) का दरवाजा तोड़कर चोर भीतर घुस गए और लोहे का सामान चोरी कर ले गए।
इसके अलावा चोरों ने ट्यूबवेल की दीवार तोड़कर बिजली के केबल, स्टार्टर सहित अन्य उपकरण भी उड़ा लिए। चोरी की इस घटना से ग्राम पंचायत को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। घटना के बाद ग्रामीणों ने बढ़ती चोरी की वारदातों पर नाराजगी जताते हुए पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है। ग्राम प्रधान शिवांचल प्रसाद की ओर से अज्ञात चोरों के खिलाफ थाने में तहरीर दी गई है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है और मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


















