रायबरेली। थाना खीरों क्षेत्र अंतर्गत सेमरी–रायबरेली मुख्य मार्ग पर बरौला गांव स्थित ईंट भट्ठे के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुबक्शगंज थाना क्षेत्र के भीतर गांव निवासी नागेंद्र (18) पुत्र राकेश कुमार अपने दोस्त को छोड़ने के लिए घर से निकला था। रास्ते में रायबरेली–सेमरी मुख्य मार्ग पर बरौला गांव के पास उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई और वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। चोटें गंभीर होने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की मां रामकुमारी का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं भाई अरविंदर (25), दीपक (18) और जितेंद्र (11) भाई की अचानक हुई मौत से गहरे सदमे में हैं।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


















