रायबरेली। क्षेत्र के भीतर गांव स्थित उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की शाखा में कार्यरत कैशियर पर ग्राहक से अभद्रता करने का आरोप लगा है। स्थानीय युवक सुधीर शुक्ला ने कैशियर ओम प्रकाश सिंह पर पासबुक प्रिंट करने से मना करने और आपत्तिजनक व्यवहार करने का आरोप लगाया है।
भीतर गांव के हथिगवां निवासी सुधीर शुक्ला के अनुसार, वह अपने सेवानिवृत्त शिक्षक पिता की चेक लेकर बैंक शाखा पहुंचे थे। चेक से धनराशि निकालने के बाद जब उन्होंने अपने पिता की पासबुक प्रिंट कराने की बात कही, तो कैशियर ओम प्रकाश सिंह ने पासबुक प्रिंट करने से इनकार कर दिया और अगले दिन आने को कहा।
सुधीर शुक्ला का आरोप है कि ऐसा व्यवहार उनके साथ पहले भी कई बार किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने कैशियर से कहा कि बैंक कर्मचारी ग्राहकों की सेवा के लिए होते हैं और उन्हें कार्य करना चाहिए, तो कैशियर ने कथित रूप से कहा कि जहां शिकायत करनी हो कर लो, पासबुक प्रिंट नहीं करूंगा।
मामले की जानकारी मिलने पर शाखा के फील्ड मैनेजर ने हस्तक्षेप किया, जिसके बाद उन्हीं के द्वारा पासबुक प्रिंट कराई गई। पीड़ित का कहना है कि बैंक कर्मचारियों द्वारा ग्राहकों के साथ इस तरह का व्यवहार अनुचित है।
सुधीर शुक्ला ने बताया कि वह इस पूरे मामले की शिकायत बैंक के उच्च अधिकारियों से करेंगे, ताकि भविष्य में ग्राहकों के साथ इस प्रकार की स्थिति दोबारा न उत्पन्न हो।


















