रायबरेली में डीएम ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों संग ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का किया निरीक्षण

रायबरेली। मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश लखनऊ के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिता माथुर ने सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ईवीएम/वीवीपैट वेयरहाउस का मासिक बाह्य निरीक्षण किया। निरीक्षण राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में संपन्न हुआ।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वेयरहाउस की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को परिसर में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही ईवीएम/वीवीपैट की सुरक्षा व्यवस्था, लॉग बुक के संधारण और सीसीटीवी कैमरों की स्थिति के बारे में विस्तार से जानकारी ली।

जिलाधिकारी ने यह भी देखा कि वेयरहाउस में सुरक्षा मानकों का पालन नियमानुसार किया जा रहा है या नहीं। निरीक्षण का उद्देश्य निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े उपकरणों की सुरक्षा, पारदर्शिता और आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुपालन को सुनिश्चित करना रहा।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी सिद्धार्थ सहित अन्य संबंधित अधिकारी तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान सभी व्यवस्थाओं को संतोषजनक बनाए रखने और निर्धारित प्रक्रियाओं के अनुसार संचालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *